STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकरविवार, 22 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

जैसलमेर कांग्रेस की जीत पर शाले मोहम्मद का भाजपा पर हमला, बोले- बड़े होटलों और बंद कमरों में नहीं होती राजनीति

जैसलमेर में पंचायत चुनावों में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर भी तंज कसा। शाले मोहम्मद ने कहा कि जनता ने मतदान के जरिए सरकार को आईना दिखाया है। उन्होंने ग्रामीण समस्याओं, ओरण संरक्षण और परिसीमन को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही, 2028 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया।

शाले मोहम्मद
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • शाले मोहम्मद का भजनलाल सरकार पर हमला, बोले- बंद कमरों में नहीं होती राजनीति
  • जैसलमेर में कांग्रेस की जीत से गदगद शाले मोहम्मद, 2028 को लेकर किया बड़ा दावा
  • गजेंद्र सिंह शेखावत पर शाले मोहम्मद का तंज, जनता के बीच जाने की दी नसीहत

JAISALMER,21 NOV. 2026:

जैसलमेर में कांग्रेस की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

जैसलमेर जिले की सभी 10 पंचायत समितियों और जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। समर्थक पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता शाले मोहम्मद के ढिब्बा पाड़ा स्थित आवास पहुंचे।यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और पूर्व जिला प्रमुख अब्दुल्ला फकीर की मौजूदगी में शाले मोहम्मद का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए चुनाव परिणामों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताया।उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मताधिकार से सरकार को आईना दिखा दिया है। उनके अनुसार, यह परिणाम भाजपा सरकार के तीन साल के कथित कुशासन के प्रति जनता की नाराजगी दर्शाते हैं।

गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा नेतृत्व पर साधा निशाना

शाले मोहम्मद ने परिसीमन और भाजपा की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फाइव स्टार होटलों और बंद कमरों में बैठकर राजनीति नहीं की जा सकती।उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि राजनीति के लिए जनता के बीच जाना जरूरी है। लोगों के सुख-दुख को समझना और उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के दौरान स्थानीय परिस्थितियों और जनता की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया। जातिगत समीकरणों के आधार पर चुनावी गणित बनाने की कोशिश हुई। हालांकि, जनता ने मतदान के जरिए इन समीकरणों को बदल दिया।

मुख्यमंत्री का दौरा हवाई सर्वेक्षण और तनोट दर्शन तक सीमित: शाले मोहम्मद

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जैसलमेर दौरे को लेकर भी पूर्व मंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा हवाई सर्वेक्षण और तनोट माता मंदिर के दर्शन तक सीमित रहा।शाले मोहम्मद ने जिले में अकाल जैसे हालात, पशुओं के लिए चारे की कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए भी लोग परेशान हैं।उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री दौरे के दौरान चारा शिविर, चारा डिपो और मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने के ठोस कदम उठा सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार घोषणाएं करती है, लेकिन अधिकारी उन्हें जमीन पर लागू नहीं कर रहे हैं।

2028 में कांग्रेस की सरकार बनने का किया दावा

शाले मोहम्मद ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में आमजन की परेशानियां बढ़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालक चारे के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, कई इलाकों में पेयजल संकट और रोजगार की कमी बनी हुई है।उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के परिणाम जनता की नाराजगी दिखाते हैं। शाले मोहम्मद ने राजस्थान में कांग्रेस को मिल रहे समर्थन को 2028 के विधानसभा चुनावों का संकेत बताया।उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी और जनता की सेवा करेगी।

ओरण भूमि संरक्षण को लेकर सरकार से उठाई मांग

पूर्व मंत्री ने पश्चिमी राजस्थान में ओरण भूमि के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ओरण भूमि पशुपालन और ग्रामीण जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियों के आने और जमीनों का स्वरूप बदलने से परंपरागत गोचर और ओरण भूमि पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक गांव और पंचायत में ओरण भूमि को सुरक्षित रखना जरूरी है।उन्होंने तनोट से जयपुर तक हुए पैदल आंदोलन का जिक्र करते हुए पशुपालकों की आजीविका और परंपरागत संसाधनों के संरक्षण की मांग दोहराई।

छत्तीस कौम की एकजुटता को बताया जीत का आधार

शाले मोहम्मद ने कांग्रेस की जीत का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया।उन्होंने सोशल मीडिया टीम और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी सराहना की। उनके अनुसार, छत्तीस कौम की एकजुटता ने कांग्रेस को यह जनसमर्थन दिलाया है।उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जैसलमेर जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख का पद हासिल करेगी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।