जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: डिग्गी में डूबने से 3 सगी बहनों और ममेरे भाई की मौत
राजस्थान के जैसलमेर जिले में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में खेत में बनी पानी की गहरी डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में तीन सगी बहनें और उनका ममेरा भाई शामिल है। बताया जा रहा है कि खेलते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन बच्चे भी पानी में उतर गए। गहराई का अंदाजा नहीं लगने से चारों डूब गए। ग्रामीणों ने JCB की मदद से शव बाहर निकाले।

मुख्य बातें
- जैसलमेर में बड़ा हादसा, डिग्गी में डूबने से 3 बहनों और ममेरे भाई की मौत
- एक बच्ची को बचाने पानी में उतरे तीन बच्चे, चारों की दर्दनाक मौत
- ननिहाल आई थीं तीन बहनें, खेत की डिग्गी में डूबने से गई जान
JAISALMER,13 NOV. 2026:
खेलते समय पैर फिसलने से डिग्गी में गिरी बच्ची
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे रूपसी गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, बच्चे खेत में खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह पानी से भरी गहरी डिग्गी में गिर गई।बच्ची को डूबता देखकर बाकी तीनों भाई-बहन उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन डिग्गी की गहराई अधिक होने के कारण चारों बच्चे बाहर नहीं निकल सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।
JCB की मदद से बाहर निकाले गए चारों शव
हेड कॉन्स्टेबल जेठाराम के अनुसार, हादसे के समय खेत के आसपास कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद परिजनों को बच्चों के डिग्गी में डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्चों की तलाश शुरू की गई। डिग्गी काफी गहरी होने के कारण JCB मशीन मंगवाई गई। उसकी मदद से चारों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
शवों को बाहर निकालने के बाद परिजन और ग्रामीण बच्चों को जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- मोरू (16 वर्ष): पुत्री नारायणराम भील, निवासी सिपला
- धीया (14 वर्ष): पुत्री नारायणराम भील, निवासी सिपला
- माया (12 वर्ष): पुत्री नारायणराम भील, निवासी सिपला
- दिलीप (18 वर्ष): पुत्र अम्रतराम भील, निवासी रूपसी
तीनों बहनें छुट्टियों में अपने ननिहाल रूपसी आई हुई थीं। उनके ममेरे भाई दिलीप की भी इस हादसे में जान चली गई।
सदर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





