जैसलमेर: डेटिंग ऐप पर मिलने बुलाया, कारोबारी का अपहरण कर पीटा; महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
जैसलमेर में ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए कारोबारी को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को किराए की क्रेटा कार में करीब डेढ़ घंटे तक घुमाया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की और यूपीआई के जरिए 1.42 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने शिकायत मिलने के करीब दो घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवती भी शामिल है।

मुख्य बातें
- डेटिंग ऐप पर मिलने बुलाया, कारोबारी का अपहरण कर लूटे 1.42 लाख रुपए
- जैसलमेर में डेटिंग ऐप के नाम पर वारदात, महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
- ग्राइंडर ऐप से शुरू हुई मुलाकात, फिर अपहरण और मारपीट
JAISALMER,10 NOV.2026:
डेटिंग ऐप के जरिए कारोबारी को मिलने बुलाया
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को जैसलमेर निवासी दलेंद्र भाटिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद चार लोग उसे गाड़ी में बैठाकर शहर से बाहर ले गए।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित की आरोपियों से ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए बातचीत हुई थी। आरोपियों ने उसे जैसलमेर के गीता आश्रम के पास अपनी लोकेशन साझा करने के लिए कहा। इसके बाद एक व्यक्ति क्रेटा कार लेकर वहां पहुंचा और कारोबारी को अपने साथ बैठा लिया।
बरमसर की तरफ ले जाकर की मारपीट
कुछ दूरी पर कार में अन्य साथी भी सवार हो गए। इसके बाद आरोपी कारोबारी को जबरन जैसलमेर शहर से दूर बरमसर की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल फोन छीन लिया गया।आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 42 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने कारोबारी का एटीएम कार्ड भी छीन लिया। इसके अलावा उसके फोटो और वीडियो बनाए गए। वारदात के बाद आरोपी उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने दो घंटे में छह आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर अलग-अलग टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृताधिकारी रूपसिंह इन्दा के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।पुलिस टीमों ने जैसलमेर शहर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर छह संदिग्धों को दस्तयाब कर लिया गया। पुलिस ने बाजार की गलियों में घेराबंदी कर वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार भी पकड़ ली।
उत्तर प्रदेश के छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिवम जाट (21), दक्ष कुमार जाटव (20), कृष्ण प्रजापति (23), यश सिंह जाट (19), शुभम पाल (23) और रचना भाटी (19) शामिल हैं।पुलिस ने यूपीआई ट्रांजेक्शन को होल्ड करवाने की कार्रवाई भी की है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





