खैरथल में ट्रांसफार्मर से टकराई तेज रफ्तार कार, आग लगते ही 6 लोगों ने लगाई छलांग; 16 घंटे बिजली गुल
खैरथल में देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर उखड़कर गिर गया और कार में भीषण आग लग गई। कार सवार छह लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के कारण आनंद नगर कॉलोनी में करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

मुख्य बातें
- ट्रांसफार्मर से टकराते ही कार में लगी आग, 6 लोगों ने कूदकर बचाई जान
- खैरथल में भीषण हादसा, कार बनी आग का गोला
- तेज रफ्तार कार ने गिराया ट्रांसफार्मर, 16 घंटे बिजली गुल
KHAIRTAL,21 NOV. 2026:
टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग
घटना रात करीब ढाई बजे किशनगढ़ रोड स्थित स्वामी ध्यानगिरी मार्ग की है। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर उखड़कर नीचे गिर गया। इसी दौरान कार में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख कार में सवार छह लोगों ने तुरंत बाहर छलांग लगा दी। इससे सभी की जान बच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कार की ट्रांसफार्मर से टक्कर और उसके बाद घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। फुटेज में कार से उठती आग की लपटें भी नजर आ रही हैं।
अंडरग्राउंड केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप
हादसे का असर आनंद नगर कॉलोनी के लोगों पर भी पड़ा। ट्रांसफार्मर गिरने से उसके नीचे से गुजर रही अंडरग्राउंड विद्युत केबल जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया।इसके चलते कॉलोनी के कई वार्डों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। लोगों को पूरी रात और शुक्रवार का दिन बिना बिजली के गुजारना पड़ा।
शुक्रवार शाम 7 बजे बहाल हुई बिजली
सहायक अभियंता दिनेश भंडाना ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर टेंपरेरी नंबर अंकित थे। कार चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रांसफार्मर के साथ अंडरग्राउंड विद्युत केबल भी क्षतिग्रस्त हुई थी। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद मरम्मत कार्य पूरा किया। इसके बाद शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।इस हादसे में छह लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। वहीं, आनंद नगर कॉलोनी के लोगों को करीब 16 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





