STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 7 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

उदयपुर में सरपंच चुनाव की रंजिश में मां की हत्या: चचेरे भाई की हार से नाराज बेटे ने पिता पर किया हमला, बीच-बचाव में मां की गई जान

राजस्थान के उदयपुर जिले में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद परिवार में शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया। महुवाड़ा गांव में चचेरे भाई की चुनावी हार से नाराज युवक ने अपने पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां के सिर में भी रॉड लग गई। गंभीर चोट के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने आरोपी बेटे राहुल परमार को डिटेन कर लिया है। घायल पिता का अस्पताल में उपचार जारी है।

उदयपुर जिले में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद परिवार में शुरू हुआ विवाद
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • चाचा की पत्नी जीती, चचेरा भाई हारा तो बेटे ने मां की जान ले ली
  • 29 नहीं, परिवार के वोट को लेकर विवाद! उदयपुर में बेटे पर मां की हत्या का आरोप
  • सरपंच चुनाव की रंजिश में खूनी विवाद, मां की मौत

UDAIPUR,07 NOV. 2026:

चाचा की पत्नी जीती, चचेरा भाई चुनाव हारा तो घर में हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, महुवाड़ा गांव निवासी राहुल परमार सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद घर पहुंचा था। गुरुवार देर रात चुनाव परिणाम घोषित हुए थे। इनमें राहुल के चाचा की पत्नी ने जीत दर्ज की, जबकि उसका चचेरा भाई चुनाव हार गया।इसी चुनावी नतीजे को लेकर राहुल अपने पिता लालचंद से नाराज था। घर पहुंचने के बाद उसने पिता से चचेरे भाई को वोट नहीं देने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।

लोहे की रॉड से पिता पर किया हमला

थानाधिकारी सोहनलाल बामनिया के मुताबिक, विवाद के दौरान राहुल ने लोहे की रॉड से अपने पिता लालचंद पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मां पुष्पा और बड़ा भाई गणेश बीच-बचाव के लिए पहुंचे।इसी दौरान राहुल के हाथ में मौजूद लोहे की रॉड पुष्पा के सिर पर लग गई। गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले मां ने तोड़ा दम

हमले के बाद बड़े बेटे गणेश ने घायल माता-पिता को निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लालचंद का अस्पताल में उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके और घटनाक्रम की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल परमार को डिटेन कर लिया है। मारपीट के दौरान उसके सिर में भी चोट आई है। उसका सरकारी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

शराब के नशे में घर आने की बात आई सामने

बड़े बेटे गणेश ने पुलिस को बताया कि राहुल शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद उसने पिता से चुनाव में चचेरे भाई को वोट नहीं देने को लेकर विवाद किया। गणेश के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद मारपीट में बदल गया।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में घटना के दौरान हुए विवाद, हमले की परिस्थितियों और परिवार के सदस्यों के बयानों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का पक्ष

बड़े बेटे गणेश ने पुलिस को बताया कि राहुल शराब के नशे में घर पहुंचा था

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।