STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 7 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर में सुतली बम के धमाके से हादसा, स्टील गिलास का टुकड़ा 8 साल के बच्चे के पेट में घुसा

अजमेर में पटाखे जलाने के दौरान सुतली बम के धमाके से चार बच्चे घायल हो गए। हादसे में 8 वर्षीय दिशांत के पेट में स्टील गिलास का करीब डेढ़ सेंटीमीटर का टुकड़ा घुस गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई है और अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। वहीं, 10 वर्षीय प्रज्ञा के गहरा कट लगने पर डॉक्टरों ने 5 से 6 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

अजमेर में सुतली बम के धमाके से हादसा,
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • सुतली बम के धमाके से स्टील गिलास टूटा, 8 साल के बच्चे के पेट में घुसा टुकड़ा
  • अजमेर में पटाखे जलाते समय हादसा, चार बच्चे घायल
  • 28 नवंबर को था दिशांत का जन्मदिन, पटाखे के धमाके ने पहुंचाया अस्पताल

AJMER,07 NOV. 2026:

सुतली बम के ऊपर रखा था स्टील का गिलास

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में बच्चे एक साथ पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे सुतली बम जला रहे थे। प्रज्ञा के मुताबिक, एक बच्चे ने सुतली बम के ऊपर स्टील का गिलास रख दिया था।बम जलाने के बाद एक बच्चा पीछे की ओर भाग गया, जबकि बाकी बच्चे पटाखे के पास ही खड़े रहे। कुछ देर बाद तेज धमाके के साथ बम फट गया। धमाके के कारण स्टील का गिलास टूटकर उसके टुकड़े आसपास खड़े बच्चों को जा लगे।

दिशांत के पेट में फंसा डेढ़ सेंटीमीटर का टुकड़ा

हादसे में दिशांत (8) के पेट में गहरा घाव हो गया। स्टील गिलास का करीब एक से डेढ़ सेंटीमीटर का टुकड़ा उसके शरीर के अंदर फंस गया। परिजन उसे तुरंत जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल लेकर पहुंचे।डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऑपरेशन थिएटर में भर्ती किया। परिजनों के अनुसार, उसके पेट में फंसे टुकड़े के कारण गंभीर चोट आई है। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

प्रज्ञा को लगे 5 से 6 टांके

इस हादसे में प्रज्ञा (10) भी घायल हो गई। उसके शरीर पर गहरा कट लग गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उपचार के दौरान 5 से 6 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।जानकारी के अनुसार, हादसे में जतिन और कबीर सहित कुल चार बच्चे घायल हुए थे। इनमें दिशांत और प्रज्ञा को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ पुलिस टीम के साथ JLN अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों के परिजनों से घटना की जानकारी ली।थाना प्रभारी के अनुसार, पटाखे जलाने के दौरान करीब 3 से 4 बच्चों को चोटें आई थीं। इनमें दिशांत को सबसे ज्यादा चोट लगी है। परिजनों ने बताया कि दिशांत का जन्मदिन 28 नवंबर को है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।