STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 7 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर को मिलीं 20 नई इलेक्ट्रिक बसें, 15 रूटों पर होगा संचालन; दिव्यांगों के लिए लिफ्ट सहित मिलेंगी कई सुविधाएं

अजमेर शहर को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत 20 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। इन बसों का शहर और आसपास के इलाकों के 15 रूटों पर संचालन किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और महापौर अनामिका शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इन बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट, CCTV कैमरे, अग्निशमन यंत्र और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। एक बार चार्ज होने पर बसें करीब 200 किलोमीटर तक चल सकेंगी।

अजमेर को मिलीं 20 नई ई-बसें
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • अजमेर को मिलीं 20 नई ई-बसें, 15 रूटों पर दौड़ेंगी AC बसें
  • 200 KM की रेंज वाली बसें, CCTV और पैनिक बटन से लैस होंगी ई-बसें
  • अजमेर के लिए 100 ई-बसों को मंजूरी, पहले चरण में मिलीं 20 बसें

AJMER, 07 NOV.2026:

100 इलेक्ट्रिक बसों के आवंटन को मिली मंजूरी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि पहले अजमेर के लिए 30 बसें आवंटित होनी थीं। उन्होंने शहर की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त बसें आवंटित कराने का प्रयास किया।इसके बाद अजमेर के लिए कुल 100 बसों के आवंटन को मंजूरी मिली है। इससे शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। बसों के जरिए किशनगढ़, पीसांगन और नसीराबाद जैसे क्षेत्रों तक यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।

15 रूटों पर चलेंगी नई ई-बसें

नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अजमेर शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। इनमें पुष्कर, किशनगढ़, ब्यावर, नसीराबाद और अरांई जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

प्रस्तावित रूटों की सूची इस प्रकार है:

1. वरुण सागर से तबीजी

2. किशनगढ़

3. नरवर से वरुण सागर वाया स्टीफन चौराहा

4. अजमेर से बोराड़ा वाया रामसर

5. माखुपुरा से माकड़वाली वाया शास्त्री नगर

6. तबीजी से जनाना हॉस्पिटल वाया MDS यूनिवर्सिटी

7. अजमेर से पुष्कर वाया लीला सेवड़ी

8. माकड़वाली से श्रीनगर-बडलिया

9. अजमेर से किशनगढ़ वाया गेगल

10. अजमेर से गोविंदगढ़ वाया पुष्कर

11. कुंदन नगर से भगवंत यूनिवर्सिटी वाया माखुपुरा

12. नौसर से चंद्रवरदाई नगर वाया रामगंज

13. अजमेर से पुष्कर वाया होकरा

14. अजमेर से ब्यावर सिटी

15. अजमेर से अरांई

16. अजमेर से नसीराबाद वाया माखुपुरा

दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट की सुविधा

इन इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। दिव्यांग यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने के लिए लिफ्ट की सुविधा मिलेगी।इसके अलावा बसों में वॉयस रिकॉर्डिंग के साथ CCTV कैमरे लगाए गए हैं। आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध रहेंगे। किसी आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन दबाकर कंट्रोल रूम तक अलर्ट पहुंचा सकेंगे।

200 किलोमीटर तक की होगी रेंज

नगर निगम आयुक्त गौरव बुढ़ानिया के अनुसार, नई इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर करीब 200 किलोमीटर तक चल सकेंगी। सभी बसें वातानुकूलित हैं। इनके संचालन से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, नगर निगम उपायुक्त भरतराज गुर्जर, महावीर सिंह, पार्षद मोनिका जैन, सूफिया कुरैशी, विवेक रावत और पूर्व पार्षद मनोज मामनानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।