STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

उत्तराखंड बस हादसा: यात्रियों ने 2-3 बार धीमी रफ्तार करने को कहा, फिर भी नहीं माना ड्राइवर

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हुए। घायल यात्री पंकज ने बताया कि यात्रियों ने हादसे से पहले चालक को दो-तीन बार बस की रफ्तार कम करने के लिए कहा था। लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। हादसे के बाद SDRF और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

यात्रियों ने चालक को पहले ही दी थी चेतावनी
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • बस की रफ्तार कम करने को कहा, ड्राइवर ने नहीं मानी बात; फिर खाई में गिरी बस
  • टिहरी बस हादसे में 8 की मौत, घायल यात्री ने बताई पूरी आपबीती
  • 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, स्ट्रेचर से निकाले गए घायल

UTRAKHAND,17 NOV. 2026:

यात्रियों ने चालक को पहले ही दी थी चेतावनी

हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। उन्होंने खुद भी चालक से बस धीरे चलाने के लिए कहा था। पंकज के अनुसार, यात्रियों ने दो से तीन बार चालक को रफ्तार कम करने की चेतावनी दी।हालांकि, चालक ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया और बस तेज गति से चलाता रहा। पंकज ने बताया कि कुछ देर बाद उन्हें नींद आ गई। इसके बाद हादसा कैसे हुआ, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

सुबह 4:30 बजे 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के अनुसार, बस हरिद्वार से चमोली जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गुलर पुल के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

स्ट्रेचर से घायलों को खाई से बाहर निकाला

हादसे के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे। SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 26 घायल यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्गम रास्ते के कारण जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाए गए। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

AIIMS ऋषिकेश में 22 घायल मरीज पहुंचे

हादसे में घायल यात्रियों को AIIMS ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। AIIMS के जनसंपर्क अधिकारी शिलोय के अनुसार, अस्पताल में करीब 22 मरीज पहुंचे थे। घायलों के इलाज के लिए ट्रॉमा टीम और अन्य विभागों के डॉक्टर जुटे रहे।AIIMS के नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि जिला प्रशासन से सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 6:30 बजे मरीजों का अस्पताल पहुंचना शुरू हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 22 मरीजों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो को मृत अवस्था में लाया गया था।इसके अलावा पांच अन्य लोगों को भी अस्पताल लाया गया, जिन्हें मृत घोषित किए जाने की जानकारी दी गई। शुरुआती आकलन में छह घायलों की हालत गंभीर बताई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।