राजस्थान पंचायत चुनाव: मतगणना के बीच भड़की हिंसा, जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी समेत 3 वाहन जलाए; परिणाम रोके
राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के बाद कई जगह तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। बांसवाड़ा के बावड़ी निनामा गांव में मतगणना के दौरान देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पथराव और आगजनी की घटना हुई। उपद्रवियों ने जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी सहित तीन वाहनों को आग लगा दी। करीब पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। तनाव के चलते चुनाव परिणामों की घोषणा रोक दी गई। वहीं, खैरथल-तिजारा, धौलपुर और सांचौर में भी चुनावी विवाद के दौरान मारपीट और आगजनी की घटनाएं हुईं।

मुख्य बातें
- राजस्थान पंचायत चुनाव में हिंसा, जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी समेत 3 वाहन फूंके
- मतगणना के बीच बांसवाड़ा में बवाल, पथराव और आगजनी से मचा हड़कंप
- सरपंच चुनाव में कई जगह तनाव, कहीं मारपीट तो कहीं बाइकों में लगाई आग
BANSWARA,17 NOV. 2026:
बांसवाड़ा: मतगणना के दौरान पथराव और आगजनी
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की छोटी सरवा पंचायत समिति के बावड़ी निनामा गांव में सोमवार देर रात करीब 12 बजे हिंसा भड़क गई। यहां चौथे चरण के मतदान के बाद मतगणना चल रही थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।बताया गया कि विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने मतदान केंद्र पर पथराव किया। इस दौरान करीब पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। उपद्रवियों ने केंद्र पर लगे टेंट फाड़कर उनमें आग लगा दी। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी सहित तीन वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
मतदानकर्मियों को कमरे में बंद करने की सूचना
घटना के दौरान मतदान केंद्र को चारों तरफ से घेरने की जानकारी सामने आई। वहां मौजूद लोगों के एक कमरे में फंसने की सूचना भी मिली। बताया गया कि मतदानकर्मियों को भी कमरे में बंद कर दिया गया।इस घटना का असर पास की ग्राम पंचायत बावलियापाड़ा में भी देखने को मिला। वहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस बल की जरूरत बताई गई। तनावपूर्ण हालात के चलते चुनाव परिणामों की घोषणा फिलहाल रोक दी गई।
खैरथल-तिजारा: सरपंच पद को लेकर दो पक्षों में मारपीट
खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर क्षेत्र की काली पहाड़ी ग्राम पंचायत में भी चुनाव के दौरान तनाव फैल गया। सरपंच पद दूसरे गांव में जाने की आशंका को लेकर विवाद शुरू हुआ।सबलगढ़ बनेठी, टेहड़का और काली पहाड़ी के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। फर्जी मतदान कराने के आरोपों के बाद विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में चार ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों को ततारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
धौलपुर: दो बाइकों में लगाई आग
धौलपुर जिले के बसेड़ी उपखंड की महु गुलावली ग्राम पंचायत में भी चुनावी विवाद सामने आया। सोमवार शाम मतदान केंद्र पर दो प्रत्याशियों के समर्थक फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भिड़ गए।इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने मतदान केंद्र से दूर खेतों के पास खड़ी बाइकों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में दो बाइकें जल गईं।
सांचौर: गुंदाऊ और पुर में हंगामा
सांचौर क्षेत्र की गुंदाऊ ग्राम पंचायत में दो गुटों के बीच विवाद हो गया। सरपंच चुनाव के दौरान कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। वहीं, पुर गांव में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया।इन घटनाओं ने पंचायत चुनाव के दौरान कई क्षेत्रों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। बांसवाड़ा में मतगणना और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





