‘मेडिकल रिपोर्ट नहीं दिखा रहे’, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि का आरोप, हालत को लेकर उठाए सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनशन के 21वें दिन सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने अस्पताल प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि डॉक्टर वांगचुक की स्थिति गंभीर बता रहे हैं, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट परिवार को उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
गीतांजलि ने अस्पताल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि अस्पताल प्रशासन उनके पति की स्वास्थ्य स्थिति को चिंताजनक बता रहा है। उनके अनुसार, डॉक्टरों ने शरीर में पोटैशियम का स्तर काफी कम होने की जानकारी दी, लेकिन जब परिवार ने संबंधित मेडिकल रिपोर्ट देखने की मांग की तो उसे उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेडिकल रिपोर्ट साझा की जानी चाहिए।
हाई कोर्ट के आदेश की व्याख्या पर भी उठाए सवाल
गीतांजलि ने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों में केवल स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल की बात कही गई थी। उनके मुताबिक, अदालत ने जबरन अस्पताल में भर्ती करने का निर्देश नहीं दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने कोर्ट के आदेश की अलग तरह से व्याख्या करते हुए कार्रवाई की।
‘अस्पताल में भी जारी है सोनम वांगचुक का अनशन’
गीतांजलि ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी सोनम वांगचुक ने अपना उपवास समाप्त नहीं किया है। उनके अनुसार, वह किसी प्रकार का ग्लूकोज या शुगर नहीं ले रहे हैं और पहले की तरह केवल नमक मिला पानी ही पी रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार अब स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए स्वतंत्र चिकित्सकीय राय लेने पर भी विचार कर रहा है।
सरकार के हस्तक्षेप पर जताई आपत्ति
गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि परिवार वांगचुक की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर है, लेकिन आगे की चिकित्सा प्रक्रिया में अनावश्यक सरकारी हस्तक्षेप नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि अब परिवार स्वयं आवश्यक कदम उठाएगा और वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर करीबी नजर बनाए रखेगा। वहीं, दिल्ली पुलिस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि अस्पताल ले जाने की कार्रवाई अदालत के निर्देशों और डॉक्टरों की सलाह के अनुरूप की गई।