#राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

कोटा में रेलवे खाने और कोच की सफाई पर सवाल, तेजस राजधानी के भोजन में मिला कॉकरोच; स्वर्ण मंदिर मेल में यात्रियों का हंगामा

तेजस राजधानी के खाने में कॉकरोच, स्वर्ण मंदिर मेल में हंगामा

रेलवे की सफाई और खानपान व्यवस्था को लेकर दो अलग-अलग मामलों ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। कोटा जंक्शन पहुंची मुंबई-अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल (12903) के सेकंड एसी कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने पर यात्रियों ने विरोध जताया, जिससे ट्रेन को कई घंटे देरी का सामना करना पड़ा। वहीं नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12952) में परोसे गए भोजन में कॉकरोच मिलने का दावा किया गया है। यात्रियों ने रेलवे और आईआरसीटीसी से कार्रवाई की मांग की है।

स्वर्ण मंदिर मेल के AC कोच में कॉकरोच से परेशान हुए यात्री

मुंबई से अमृतसर जा रही स्वर्ण मंदिर मेल एक्सप्रेस (12903) में यात्रियों को सफर के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों के अनुसार ट्रेन के ए-1 सेकंड एसी कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच दिखाई दिए। यात्रियों का कहना है कि पूरी रात उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा और कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का तत्काल समाधान नहीं हुआ। ट्रेन जब गुजरात के वडोदरा स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने विरोध जताया और कोच बदलने की मांग की।

विरोध के चलते ट्रेन घंटों रही प्रभावित

कॉकरोच की समस्या को लेकर यात्रियों ने वडोदरा स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना करने में देरी हुई। जानकारी के अनुसार स्वर्ण मंदिर मेल करीब 4 घंटे 20 मिनट की देरी से कोटा जंक्शन पहुंची। रेलवे अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। यात्रियों का आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी।

ये भी पढ़ें – सीकर में आटा-साटा प्रथा का खुलासा, 42 साल के विधुर से नाबालिग लड़की की शादी की तैयारी; 5 बाल विवाह रुकवाए

यात्रियों ने कोच श्रेणी बदलने पर जताई नाराजगी

यात्रियों का आरोप है कि समस्या दूर करने के लिए रेलवे ने सेकंड एसी कोच की जगह दूसरा एसी कोच लगाया, लेकिन वह थर्ड एसी श्रेणी का था। यात्रियों ने कहा कि उन्होंने अधिक किराया देकर सेकंड एसी में यात्रा के लिए टिकट लिया था, लेकिन उन्हें कम सुविधाओं वाले कोच में सफर करना पड़ा। यात्रियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए रेलवे की जिम्मेदारी और यात्री सुविधाओं पर सवाल उठाए।

पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर उठे सवाल

यात्रियों ने रेलवे की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्रीमियम श्रेणी की ट्रेनों में भी कॉकरोच जैसी समस्या सामने आना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेनों में पेस्ट कंट्रोल और सफाई के लिए बड़े स्तर पर खर्च किया जाता है, इसके बावजूद समय-समय पर ऐसी शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने नियमित निरीक्षण और प्रभावी सफाई व्यवस्था की मांग की है।

तेजस राजधानी के भोजन में कॉकरोच मिलने का दावा

इसी बीच नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12952) में भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। दिल्ली से नागदा की यात्रा कर रहे यात्री प्रिंस तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि ट्रेन में परोसे गए भोजन के पैकेट में कॉकरोच मिला। उन्होंने भोजन के पैकेट की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए आईआरसीटीसी और रेल मंत्रालय से कैटरिंग व्यवस्था पर कार्रवाई की मांग की।

रेलवे खानपान और स्वच्छता व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद रेलवे की यात्री सुविधाओं, कोच सफाई और खानपान गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में स्वच्छता और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं, ऐसे मामलों में शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

https://x.com/stvnewsonline

https://www.facebook.com/StvNews2006

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *