PV Sindhu का टूटा सपना, ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनल में हार; 17 महीने से खिताब का इंतजार जारी
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने का सपना अधूरा रह गया। शनिवार (13 जून) को खेले गए महिला एकल सेमीफाइनल में उन्हें जापान की शीर्ष वरीय अकाने यामागुची के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही सिंधु का बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब जीतने का 17 महीने लंबा इंतजार और बढ़ गया।
पहले गेम में दिखी कड़ी टक्कर
तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की और पहले गेम में यामागुची को कड़ी चुनौती दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला, लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर सिंधु अपने गेम प्वाइंट को भुनाने में सफल नहीं रहीं। 43 मिनट तक चले मैच का पहला गेम यामागुची ने 22-20 से अपने नाम किया।
दूसरे गेम में हावी रहीं यामागुची
पहले गेम की करीबी टक्कर के बाद दूसरे गेम में जापानी खिलाड़ी का दबदबा देखने को मिला। यामागुची ने लगातार अंक जुटाते हुए 13-6 की बढ़त बनाई और सिंधु को वापसी का मौका नहीं दिया। उन्होंने दूसरा गेम 21-12 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली। अब उनका सामना थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।
भारत का अभियान हुआ समाप्त
सिंधु की हार के साथ ही ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 में भारत की चुनौती भी खत्म हो गई। हालांकि कुल हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में सिंधु अभी भी यामागुची पर 15-13 से आगे हैं, लेकिन पिछले छह मुकाबलों में उन्हें पांचवीं बार हार झेलनी पड़ी है।
खिताब का इंतजार और लंबा हुआ
पीवी सिंधु ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था। इसके बाद से वह बीडब्ल्यूएफ टूर में कोई ट्रॉफी नहीं जीत सकी हैं। इस सीजन में वह दूसरी बार सेमीफाइनल तक पहुंचीं। इससे पहले मलेशिया ओपन के अंतिम चार में उन्हें चीन की वांग झियी से हार मिली थी। ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में सिंधु ने चीन की चेन सु यू को 21-6, 21-9 से हराकर खिताब की उम्मीदें मजबूत की थीं, लेकिन सेमीफाइनल में उनका सफर थम गया।