झालावाड़ में पैसेंजर ट्रेन से टकराया पानी पंपिंग का डीजल इंजन, लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
राजस्थान के झालावाड़ जिले में जूना खेड़ा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार शाम बड़ा रेल हादसा टल गया। कोटा-अकलेरा पैसेंजर ट्रेन रेलवे ट्रैक पर फंसे पानी पंपिंग के डीजल इंजन से टकरा गई। लोको पायलट ने पटरी पर मशीन देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए। हालांकि, ट्रेन रुकते-रुकते मशीन से टकरा गई। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी। इससे इंजन को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और यात्रियों की जान सुरक्षित रही।

मुख्य बातें
- झालावाड़ में पैसेंजर ट्रेन से टकराया डीजल इंजन, टला बड़ा हादसा
- पटरी पर डीजल इंजन छोड़कर भागा ट्रैक्टर चालक, ट्रेन से हुई टक्कर
- लोको पायलट ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक, फिर भी मशीन से टकराई ट्रेन
JHALAWAR, 08 NOV.2026:
पटरी पर फंसा मिला पानी पंपिंग का डीजल इंजन
यह घटना रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन पर शनिवार शाम करीब 5:15 बजे हुई। ट्रेन नंबर 59840 कोटा-अकलेरा पैसेंजर जूना खेड़ा से अकलेरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट को रेलवे ट्रैक पर लोहे की मशीन दिखाई दी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए। इसके बावजूद ट्रेन का इंजन मशीन से टकरा गया। पानी पंप करने वाला डीजल इंजन ट्रेन के लोको के नीचे फंस गया।
ट्रैक्टर चालक मशीन को छोड़कर मौके से भागा
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ट्रैक्टर चालक खेतों में पानी देने वाला डीजल इंजन खींचकर ले जा रहा था। बताया गया कि चालक ने रेलवे ट्रैक को अवैध तरीके से पार करने की कोशिश की। इस दौरान ट्रैक्टर तो दूसरी तरफ निकल गया, लेकिन डीजल इंजन पटरी पर फंस गया।इसके बाद चालक ने मशीन को निकालने का प्रयास किया। इसी बीच सामने से पैसेंजर ट्रेन आती दिखाई दी। ट्रेन को नजदीक आता देखकर चालक मशीन को पटरी पर ही छोड़कर मौके से भाग गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कैटल गार्ड की वजह से इंजन को नहीं हुआ ज्यादा नुकसान
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के मुताबिक, लोको पायलट ने पटरी पर वस्तु दिखाई देने पर तुरंत ब्रेक लगाए थे। इसके बावजूद ट्रेन लोहे की मशीन से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इंजन में कैटल गार्ड लगा होने के कारण ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।टक्कर के बाद लोको पायलट ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की मदद से मशीन को पटरी से हटाया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन की गति कम होने से बड़ा हादसा टल गया।
आरपीएफ ने मशीन जब्त कर दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। झालावाड़ सिटी आरपीएफ ने पटरी पर मिली पानी पंपिंग की मशीन जब्त कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मशीन ट्रैक्टर से गिरकर पटरी पर फंसी थी।आरपीएफ ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाद में जब्त मशीन को अकलेरा से लौटते समय ट्रेन में रखवाया गया। इसे रात करीब 9:30 बजे झालावाड़ सिटी स्टेशन पहुंचाया गया।
पुलिस का पक्ष
झालावाड़ सिटी आरपीएफ ने पटरी पर मिली पानी पंपिंग की मशीन जब्त कर ली
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





