STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकरविवार, 8 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

जयपुर में 500 ड्रोनों ने आसमान में बनाई मां लक्ष्मी की आकृति, रोशनी से जगमगाया दीपोत्सव

छोटी दिवाली पर जयपुर के अमर जवान ज्योति परिसर में 500 ड्रोनों से शानदार लाइट शो आयोजित किया गया। रात 9:13 बजे शुरू हुए करीब 12 मिनट के इस प्रदर्शन में आसमान पर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश, राम मंदिर, दीपक और 'शुभ दीपावली' सहित 13 से अधिक आकृतियां बनाई गईं। महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने इसका शुभारंभ किया। बड़ी संख्या में लोग इस नजारे को देखने पहुंचे। हालांकि, कार्यक्रम के बाद आसपास की सड़कों पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।

DRONE SHOW IN JAIPUR
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • जयपुर के आसमान में 500 ड्रोनों ने बनाई मां लक्ष्मी की आकृति
  • 500 ड्रोनों से जगमगाया जयपुर, आसमान में दिखा राम मंदिर
  • जयपुर में दिवाली का अनोखा उत्सव, रोशनी से बनीं 13 से ज्यादा आकृतियां

JAIPUR,08 NOV. 2026:

500 ड्रोनों की रोशनी से सजा जयपुर का आसमान

छोटी दिवाली की रात जयपुर में दीपोत्सव का अनूठा नजारा देखने को मिला। अमर जवान ज्योति पर आयोजित ड्रोन शो ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रात करीब आठ बजे से ही यहां लोगों की भीड़ जुटने लगी थी।रात 9:13 बजे एक साथ 500 ड्रोन आसमान में चमके। कुछ ही पलों में ॐ, दीपक और 'शुभ दीपावली' की आकृतियां दिखाई देने लगीं। इसके बाद मां लक्ष्मी और भगवान गणेश सहित कई धार्मिक प्रतीक आसमान में उभरे। लोगों ने इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

13 से अधिक आकृतियों ने मोहा लोगों का मन

करीब 12 मिनट तक चले इस ड्रोन शो में 500 ड्रोनों ने शानदार तालमेल दिखाया। आसमान में राम मंदिर, शुभ-लाभ और दीपावली से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए गए।इसके अलावा नगर निगम जयपुर, जेडीए और 'दिवाली खुशियों वाली' के संदेश भी रोशनी के जरिए दिखाए गए। हर नई आकृति के साथ दर्शकों में उत्साह बढ़ता रहा। बच्चे और बड़े पूरे समय आसमान की ओर देखते नजर आए।ड्रोन शो का शुभारंभ महापौर सुनील कोठारी और आयुक्त ओम कसेरा ने बटन दबाकर किया।

विधानसभा में नहीं मिली अनुमति, बदला गया आयोजन स्थल

यह कार्यक्रम पहले विधानसभा परिसर में प्रस्तावित था। हालांकि, अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजन का स्थान बदलना पड़ा। इसके बाद अमरूदों के बाग से ड्रोन उड़ाए गए और अमर जवान ज्योति के आसपास मुख्य सड़क से लोगों ने शो देखा।परिसर में इलेक्ट्रिक दीयों से आकर्षक रंगोली भी सजाई गई। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी रंगोली लोगों के लिए सेल्फी पॉइंट बन गई। परिवारों और युवाओं ने यहां तस्वीरें खिंचवाईं।

कार्यक्रम खत्म होते ही सड़कों पर लगा जाम

ड्रोन शो समाप्त होने के बाद आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।आयोजन के दौरान जनपथ पर भी कई वाहन खड़े रहे। आरोप है कि यातायात पुलिस ने समय रहते इन वाहनों को नहीं हटवाया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद एक साथ वाहनों की आवाजाही बढ़ी और यातायात प्रभावित हो गया।

रात 9:30 बजे आतिशबाजी का भी कार्यक्रम

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के अनुसार, दीपोत्सव आयोजनों की कड़ी में रविवार रात अमर जवान ज्योति पर आतिशबाजी का कार्यक्रम रखा गया। रात 9:30 बजे होने वाली आतिशबाजी में रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगाने की तैयारी थी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।