STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

Jaipur Traffic Plan: जयपुर के परकोटे में बदलेंगे रास्ते, वीकेंड पर वन-वे और पार्किंग व्यवस्था की तैयारी

जयपुर के परकोटा क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस नई यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। योजना के तहत हवा महल के सामने वन-वे और पैदल पर्यटकों के लिए अलग लेन बनाने का प्रस्ताव है। बड़ी पर्यटक बसों को रामलीला मैदान में रोकने और लोडिंग वाहनों के प्रवेश का समय तय करने पर भी विचार हो रहा है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि शनिवार और रविवार को नई व्यवस्था लागू करने के लिए संबंधित पक्षों से बातचीत की जाएगी।

जयपुर के परकोटे में बदलने वाला है ट्रैफिक रूट
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • जयपुर के परकोटे में बदलने वाला है ट्रैफिक रूट, जानिए नया प्लान
  • हवा महल के सामने वन-वे, बड़ी बसें रामलीला मैदान में रुकेंगी?
  • जयपुर के बाजारों में वन-वे और पार्किंग की तैयारी, जानिए पूरा प्लान

JAIPUR,17 NOV. 2026:

वीकेंड पर हवा महल के सामने वन-वे का प्रस्ताव

पर्यटन सीजन में शनिवार और रविवार को जयपुर के परकोटा क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। दोपहर बाद स्थिति ज्यादा बिगड़ती है। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी जाम का सामना करना पड़ता है।एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा के अनुसार, हवा महल के सामने वन-वे व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव है। इसके साथ पैदल पर्यटकों के लिए अलग लेन बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।पुलिस ट्रैफिक फ्री रोड जैसे विकल्पों पर भी मंथन कर रही है। पहले व्यापारियों से बातचीत हुई थी, लेकिन कुछ विरोध भी सामने आया। अब सभी पक्षों की सहमति से शनिवार और रविवार को नई व्यवस्था लागू करने का प्रयास है।

बड़ी पर्यटक बसें रामलीला मैदान में रोकने की तैयारी

परकोटा क्षेत्र में 52 और 32 सीटर पर्यटक बसों का प्रवेश भी जाम की बड़ी वजह बन रहा है। ये बसें जलेबी चौक तक पहुंच जाती हैं। आगे रास्ता नहीं होने के कारण उन्हें वापस मुड़ना पड़ता है।इससे संकरी सड़कों पर यातायात बाधित होता है। पुलिस की योजना है कि बड़ी पर्यटक बसों को रामलीला मैदान में ही रोक दिया जाए। वहां से पर्यटक छोटे वाहनों के जरिए आगे जा सकेंगे।

तोपखाना, किशनपोल और जौहरी बाजार में वन-वे पर विचार

अक्टूबर से दिसंबर तक पर्यटन सीजन में परकोटा क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पुलिस ने कई बाजारों में वन-वे व्यवस्था लागू करने का विकल्प रखा है।एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, तोपखाना, किशनपोल और जौहरी बाजार सहित अन्य रास्तों पर उपलब्ध जगह के अनुसार वन-वे लागू किया जा सकता है।इसके लिए आमजन और व्यापारियों का सहयोग जरूरी होगा। पार्किंग भी निर्धारित स्थानों पर ही करने की अपील की जाएगी।

लोडिंग वाहनों के प्रवेश का समय होगा तय

परकोटा क्षेत्र में सामान लेकर आने वाले वाहनों के प्रवेश का समय भी निर्धारित करने की योजना है। प्रस्ताव के अनुसार, लोडिंग वाहनों को सुबह से दोपहर 12 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा।इसके अलावा पर्यटक बसों के साथ टैक्सियों को भी निर्धारित स्थानों पर रोकने की तैयारी है। इस व्यवस्था को लेकर टूर ऑपरेटरों और टूरिस्ट ट्रैवल एजेंसियों के साथ बैठक की जाएगी।

कई विभागों के सहयोग से बनेगी स्थायी व्यवस्था

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि परकोटा क्षेत्र को जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए सभी संबंधित विभागों का सहयोग जरूरी है।इसके लिए जयपुर नगर निगम, जेडीए, पर्यटन विभाग, मार्केट एसोसिएशन और अन्य विभागों को मिलकर काम करना होगा। पुलिस का प्रयास है कि पर्यटकों की आवाजाही बनी रहे और स्थानीय लोगों को भी परेशानी न हो।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।