STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अशोक गहलोत बोले- राजस्थान मेरी कर्मभूमि, यहीं रहकर करूंगा सेवा; हाईकमान का फैसला सर्वोपरि

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान उनकी कर्मभूमि है और वे यहीं रहकर जनता की सेवा करना चाहते हैं। हालांकि, पार्टी हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा, उसे निभाने से पीछे नहीं हटेंगे। जयपुर लौटने के बाद उन्होंने सोनिया गांधी की किताब, काशी-मथुरा मुद्दे और जल जीवन मिशन को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

अशोक गहलोत
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • अशोक गहलोत बोले- राजस्थान मेरी कर्मभूमि, यहीं रहकर करूंगा जनता की सेवा
  • राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की चर्चा पर गहलोत का बड़ा बयान
  • हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा, निभाऊंगा... गहलोत ने साफ किया अपना रुख

JAIPUR,17 NOV. 2026:

दिल्ली दौरे और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की अटकलों पर दिया जवाब

करीब एक सप्ताह के दिल्ली दौरे के बाद मंगलवार को जयपुर पहुंचे अशोक गहलोत ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। उनसे कांग्रेस में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर सवाल पूछा गया।गहलोत ने कहा कि पिछले तीन साल से वे ऐसी अटकलें सुन रहे हैं। लेकिन दिल्ली या जयपुर में किसी ने उनसे इस बारे में चर्चा नहीं की है।उन्होंने कहा, “राजस्थान मेरी कर्मभूमि है। मैं उम्रभर राजस्थान की जनता की सेवा करना चाहता हूं।” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा, उसे स्वीकार करेंगे।गहलोत के मुताबिक, उन्होंने 55 साल के राजनीतिक जीवन में पार्टी की ओर से मिली हर जिम्मेदारी निभाई है। उनके लिए हाईकमान का फैसला हमेशा सर्वोपरि रहा है।

बोले- लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा

गहलोत ने कहा कि पार्टी की सेवा करना देश की सेवा करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र और संविधान के सामने चुनौतियां हैं।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सत्ता में ऐसी ताकतें हैं, जिनका लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं है। उन्होंने सभी विपक्षी दलों और लोगों से एकजुट होकर मुकाबला करने की अपील की।

सोनिया गांधी की किताब को चुनावी रणनीति बताने पर पलटवार

सोनिया गांधी की किताब को लेकर भाजपा की आलोचना पर गहलोत ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किताब लिखना सोनिया गांधी का व्यक्तिगत फैसला है।उनके अनुसार, सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभव लोगों के सामने रखने के लिए पुस्तक लिखी है। इसका चुनाव पर क्या असर होगा, यह कांग्रेस की सोच का हिस्सा नहीं है।गहलोत ने कहा कि भाजपा इस पुस्तक को चुनावी रणनीति के रूप में देख रही है। उन्होंने इसे भाजपा की अपनी सोच बताया।सोनिया गांधी की किताब में अपने नाम के उल्लेख पर गहलोत ने कहा कि उनके लिए कोई अलग अध्याय नहीं लिखा गया है। सोनिया गांधी ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन नेताओं का जिक्र किया है, जिन्हें वे पहले से जानती थीं।गहलोत ने बताया कि राजीव गांधी के राजस्थान दौरों के दौरान सोनिया गांधी भी उनके साथ आती थीं। उन्होंने इन नेताओं को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री बनते देखा था।

काशी-मथुरा के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

काशी और मथुरा के मुद्दे पर गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे नारे वे पिछले 30 साल से सुन रहे हैं।गहलोत के मुताबिक, राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान भी इस तरह के नारे लगाए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही ऐसे मुद्दों को फिर से उठाया जाता है।

जल जीवन मिशन में 45 लाख कनेक्शन का लक्ष्य अधूरा: गहलोत

जल जीवन मिशन को लेकर गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने अपनी वीडियो सीरीज 'बजट फाइल्स' के पहले एपिसोड का जिक्र किया।गहलोत ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने 45 लाख घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा था। लेकिन अब तक करीब 14 लाख कनेक्शन ही दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक साल में जितने कनेक्शन दिए थे, भाजपा सरकार तीन साल में भी उस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई।गहलोत ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री की ओर से घोषित महत्वपूर्ण योजना है। इसे प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए था। उन्होंने सरकार से बजट घोषणाओं और जमीनी कामकाज का हिसाब देने की मांग की।गौरतलब है कि 14 नवंबर को 'बजट फाइल्स' का पहला एपिसोड जारी करते हुए गहलोत ने जल जीवन मिशन के आंकड़ों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने 2022-23 में कांग्रेस सरकार के दौरान 13.88 लाख कनेक्शन दिए जाने का दावा भी किया था।

महेश जोशी के मामले पर बोले- जांच निष्पक्ष होनी चाहिए

जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार केवल एक मंत्री और कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।उन्होंने पूर्व मंत्री महेश जोशी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। गहलोत ने आरोप लगाया कि इसके बाद एसीबी ने भी उन्हें गिरफ्तार किया, जबकि जांच अधिकारी के अनुसार मामला नहीं बनता था।गहलोत ने कहा कि महेश जोशी का मामला न्यायालय में लंबित है। इसलिए वे इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में जहां भी भ्रष्टाचार हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन किसी एक मामले को आधार बनाकर पूरी योजना पर चर्चा करना उचित नहीं है।

विज्ञापनों पर खर्च को लेकर भी सरकार पर निशाना

गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। लेकिन जमीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं दे रहा।उन्होंने कहा कि सरकार को 'बजट फाइल्स' में उठाए गए सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। केवल आरोप-प्रत्यारोप से लोगों को पानी नहीं मिलेगा।गहलोत ने मुख्यमंत्री के दो साल के कामकाज की तुलना पिछली सरकार के पांच साल से करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने काम और बजट घोषणाओं की प्रगति का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।