STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

खैरथल-तिजारा में पंचायत चुनाव के दौरान पत्थरबाजी, 7 घायल; टपूकड़ा में सबसे ज्यादा 90.97% मतदान

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में खैरथल-तिजारा जिले की चार पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। काली पहाड़ी मतदान केंद्र पर सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी हुई। घटना में 5 से 7 लोगों के घायल होने की जानकारी है। वहीं, जिले में टपूकड़ा पंचायत समिति में सबसे अधिक 90.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चारों पंचायत समितियों का कुल मतदान प्रतिशत 85 प्रतिशत से अधिक रहा।

काली पहाड़ी बूथ पर विवाद के बाद पत्थरबाजी
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • पंचायत चुनाव में पत्थरबाजी, काली पहाड़ी बूथ पर 7 लोग घायल
  • खैरथल-तिजारा में पंचायत चुनाव, टपूकड़ा में सबसे ज्यादा मतदान
  • वोट डालने से रोकने के आरोप पर भिड़े समर्थक, बूथ पर पथराव

KHAIRTAL -TIJARA,17 NOV. 2026:

काली पहाड़ी बूथ पर विवाद के बाद पत्थरबाजी

ततारपुर पंचायत समिति क्षेत्र के काली पहाड़ी मतदान केंद्र पर दो सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। मतदाताओं को वोट डालने से रोकने के आरोप को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद झगड़े और पत्थरबाजी में बदल गया।घटना में करीब 5 से 7 लोग घायल हो गए। इनमें बनेठी निवासी बंशीलाल पुत्र झारमल गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर रेफर किया गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्थिति नियंत्रण में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किशनगढ़बास डीएसपी लाल सिंह यादव सहित पुलिस अधिकारियों ने काली पहाड़ी, सबलगढ़, बनेठी और टेहड़का गांवों के ग्रामीणों से समझाइश की।इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर कुमार बुटोलिया भी मौके पर पहुंचे। ततारपुर थानाधिकारी महावीर सिंह शेखावत सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा।एडिशनल एसपी किशोर कुमार बुटोलिया के अनुसार, दो पक्षों में कहासुनी की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी रहा।

टपूकड़ा में सबसे अधिक 90.97 प्रतिशत मतदान

जिले की चारों पंचायत समितियों में मतदान का अंतिम प्रतिशत इस प्रकार रहा:

पंचायत समिति अंतिम मतदान

टपूकड़ा 90.97%

कोटकासिम 88.84%

ततारपुर 85.94%

मुंडावर 84.72%

टपूकड़ा में सबसे अधिक 90.97 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, मुंडावर में 84.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सुबह से मतदान केंद्रों पर लगी कतारें

LINES
STV NEWS RAJASTHAN

हरसोली सहित कई मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।कोटकासिम पंचायत समिति की इकरोटिया ग्राम पंचायत के बीबीरानी में आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया। केंद्र को विशेष रूप से सजाया गया था।

चारों पंचायत समितियों में मतदान का समयवार प्रतिशत

पंचायत समिति सुबह 10 बजे दोपहर 1 बजे दोपहर 3 बजे शाम 6 बजे अंतिम फाइनल

कोटकासिम 27.43% 54.89% 72.70% 88.69% 88.84%

मुंडावर 24.97% 49.71% 67.07% 84.67% 84.72%

टपूकड़ा 28.23% 58.16% 76.91% 90.70% 90.97%

ततारपुर 26.11% 51.88% 69.55% 85.83% 85.94%

427 मतदान केंद्रों पर 3.55 लाख से अधिक मतदाता

खैरथल-तिजारा जिले की चारों पंचायत समितियों में कुल 117 ग्राम पंचायतें हैं। यहां वार्ड पंच के 1,093 पदों के लिए चुनाव हुआ। मतदान के लिए कुल 427 केंद्र बनाए गए थे।

पंचायत समिति के अनुसार मतदान केंद्र और मतदाताओं का विवरण:

पंचायत समिति ग्राम पंचायतें मतदान केंद्र कुल मतदाता

कोटकासिम 32 121 97,009

टपूकड़ा 29 98 86,843

मुंडावर 30 117 93,745

ततारपुर 26 91 77,717

कुल 117 427 3,55,314

चारों पंचायत समितियों में 1,86,026 पुरुष और 1,69,288 महिला मतदाता पंजीकृत थे। कोटकासिम में सबसे अधिक 121 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।