STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

उदयपुर:15 करोड़ के कारोबार को छोड़कर संन्यास लेगा पूरा परिवार, पति-पत्नी के साथ दो बेटियां भी लेंगी जैन दीक्षा

राजस्थान के उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव से ताल्लुक रखने वाला भोगर परिवार सांसारिक जीवन छोड़कर संयम का मार्ग अपनाने जा रहा है। सूरत में करीब 15 करोड़ रुपये सालाना टर्नओवर वाला कपड़ा कारोबार चलाने वाले दिलीप भाई भोगर, उनकी पत्नी ज्योति बेन और दो बेटियां छवि व चार्वी जैन दीक्षा लेंगी। चारों की दीक्षा 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में प्रस्तावित है। परिवार की एक बेटी शैली पहले ही साध्वी बन चुकी है।

15 करोड़ के कारोबार को छोड़ने का लिया फैसला
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • 15 करोड़ का कारोबार छोड़कर संन्यास लेगा पूरा परिवार
  • पति-पत्नी के साथ दो बेटियां भी लेंगी जैन दीक्षा, जानिए वजह
  • सूरत में बड़ा कारोबार, फिर भी चुना संयम का मार्ग

UDAIPUR,17 NOV. 2026:

15 करोड़ के कारोबार को छोड़ने का लिया फैसला

15 करोड़ के कारोबार को छोड़ने का लिया फैसला
STV NEWS RAJASTHAN

दिलीप भाई भोगर (47) मूल रूप से उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में कपड़े का कारोबार खड़ा किया। एक दुकान से शुरू हुआ व्यवसाय आगे बढ़कर तीन दुकानों और कई मशीनों तक पहुंच गया।परिवार का सालाना कारोबार करीब 15 करोड़ रुपये बताया गया है। हालांकि, धर्म के प्रति झुकाव बढ़ने के बाद दिलीप भाई ने व्यापार का विस्तार करने के बजाय उसे समेटना शुरू कर दिया।अब उन्होंने पत्नी ज्योति बेन (45) और बेटियों छवि (22) व चार्वी (14) के साथ जैन दीक्षा लेने का निर्णय किया है। परिवार के सभी सदस्यों ने इस फैसले पर सहमति जताई है।

एक बेटी पहले ही बन चुकी है साध्वी

भोगर परिवार की एक बेटी शैली वर्ष 2023 में सांसारिक जीवन छोड़कर दीक्षा ले चुकी हैं। अब वे साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं।रिश्तेदार कुंदन चंडालिया के अनुसार, बेटी की दीक्षा के बाद दिलीप भाई का धर्म के प्रति झुकाव और बढ़ा। उन्होंने धीरे-धीरे कारोबार कम करना शुरू कर दिया।दीक्षा से पहले परिवार ने पैदल यात्रा, आहार-विहार और संतों के जीवन की कठिन साधना से जुड़ा प्रशिक्षण भी लिया है। परिवार ने संयम के मार्ग की दिनचर्या और अनुशासन को समझने के लिए तैयारी की है।

ज्योति बेन बोलीं- हर संकट में गुरु और प्रभु की कृपा रही

दिलीप भाई की पत्नी ज्योति बेन ने बताया कि परिवार के जीवन में कई कठिन परिस्थितियां आईं। एक बार दिलीप भाई का गंभीर एक्सीडेंट भी हुआ था।उनके अनुसार, उस समय स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। लेकिन परिवार को प्रभु की कृपा और गुरु का आशीर्वाद मिलता रहा। ज्योति बेन ने कहा कि हर संकट में उन्हें आध्यात्मिक संबल मिला।

छवि ने क्रोशिया कला से शुरू किया था कारोबार

दिलीप और ज्योति की बेटी छवि (22) ने बीबीए के साथ ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की है। उन्होंने क्रोशिया कला के जरिए अपनी पहचान बनाई और इससे जुड़ी कलाकृतियां व उपयोगी वस्तुएं बनाकर व्यवसाय शुरू किया।छवि इस काम में आगे बढ़ रही थीं। लेकिन परिवार के दीक्षा निर्णय के बाद उन्होंने करीब चार महीने में ही अपना काम छोड़ दिया।

जिला स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी हैं चार्वी

परिवार की छोटी बेटी चार्वी (14) ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी हैं।परिवार के अनुसार, चार्वी ने नौवीं की पढ़ाई बीच में छोड़कर धर्म और आध्यात्मिक गतिविधियों की ओर रुख किया। अब वह भी माता-पिता के साथ दीक्षा लेने जा रही हैं।

पैतृक गांव में परिवार का हो रहा अभिनंदन

इन दिनों पूरा भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ में है। परिवार के इस निर्णय की चर्चा गांव के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी हो रही है।रिश्तेदारों और समाज के लोग परिवार का अभिनंदन कर रहे हैं। समाज से जुड़े गजेंद्र जैन के अनुसार, दिलीप भाई की भावना रही है कि जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां और नई रोशनी लाने के लिए भी होना चाहिए।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।