भिवाड़ी में श्रमिकों का आंदोलन तेज, 20 दिनों से धरना जारी—वेतन वृद्धि समेत कई मांगों पर अड़े मजदूर
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। वेतन वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण भोजन, ओवरटाइम बढ़ोतरी और कार्यस्थल पर बेहतर व्यवहार जैसी मांगों को लेकर मजदूर पिछले 20 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे भिवाड़ी स्थित टायजन इमफैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गेट के बाहर श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।
स्थिति को देखते हुए कंपनी के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि वे पिछले 8 से 10 वर्षों से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन उनके वेतन में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई। वर्तमान में उन्हें 12 घंटे की ड्यूटी के लिए करीब 10 हजार रुपये मिलते हैं, जो बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार का पालन-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
श्रमिकों ने बताया कि गैस सिलेंडर समेत रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि उनकी आय जस की तस बनी हुई है। वे 8 घंटे की ड्यूटी के लिए कम से कम 20 हजार रुपये मासिक वेतन की मांग कर रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विशेष रूप से महिला श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला और पुरुष दोनों ही अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे काम छोड़कर अपने गांव लौट सकते हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में भिवाड़ी के करीब 12 औद्योगिक इकाइयों में इसी तरह के प्रदर्शन हो चुके हैं। कुछ कंपनियों ने श्रमिकों की मांगें मान ली हैं, जिससे वहां आंदोलन समाप्त हो गया, लेकिन वेतन वृद्धि का मुद्दा अब पूरे औद्योगिक क्षेत्र में फैलता जा रहा है।
इधर, बढ़ते विरोध को देखते हुए जयपुर से श्रम सचिव भी भिवाड़ी पहुंचे थे। उन्होंने उद्योगपतियों, जिला कलेक्टर और एसपी के साथ बैठक कर 10 से 15 दिनों में सरकार की ओर से ठोस निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।