मां ने 4 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या की, खुद की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास
अलवर जिले के पुराना राजगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक मां ने अपनी चार वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद के दोनों हाथों की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
शनिवार को एफएसएल टीम के डॉ. रविकांत शर्मा और थानाधिकारी राजेश मीना घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने उस कमरे का निरीक्षण किया, जहां वारदात हुई थी, और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों से भी जानकारी ली।
प्रकरण के अनुसार, मृतका के ताऊ सूरज सैनी ने राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि परिवार एक ही मकान में रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जब उन्होंने अपने भाई संतोष के बच्चों को स्कूल के लिए आवाज लगाई, तो कई बार पुकारने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। बाद में संतोष की पत्नी शीला ने दरवाजा खोला, जिसके हाथों पर कट के निशान थे और वह घायल अवस्था में थी।
कमरे के अंदर चार वर्षीय मासूम गरीमा बेहोश हालत में पड़ी थी, जिसके गले पर चोट के निशान थे। दोनों को तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की हत्या उसकी मां द्वारा गला दबाकर की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।