अलवर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आकर बुजुर्ग मजदूर की मौत, चालक फरार
अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नमन होटल के पास एक बुजुर्ग मजदूर की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बालकिशन के रूप में हुई है। उनके बेटे बाबू ने बताया कि बालकिशन मजदूरी करने के बाद नमन होटल के पास बैठ गए थे और इसी दौरान उन्हें नींद आ गई। तभी एक ट्रक पीछे की ओर बैक करते हुए आया और अनजाने में उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक कुछ देर तक मौके पर रुका रहा, लेकिन बाद में वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत बालकिशन को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
शनिवार सुबह वैशाली नगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि बालकिशन के दो बेटे हैं। घटना के समय एक बेटा अस्पताल में भर्ती था, जबकि दूसरा काम पर गया हुआ था। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे। मृतक नमन होटल के पास 200 फीट रोड क्षेत्र के निवासी थे।