#क्राइम #राज्य-शहर

कोटा में विवाहित महिला पर शादी का दबाव, हथियार लेकर घर में घुसा युवक गिरफ्तार

कोटा में महिला पर शादी का दबाव, हथियार संग युवक गिरफ्तार

राजस्थान के कोटा जिले में एक विवाहित महिला को शादी के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक देसी कट्टा लेकर महिला के घर में घुस गया और पति से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बनाने लगा। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया। इस दौरान उसने आत्महत्या की धमकी दी और कथित रूप से विषाक्त पदार्थ भी खा लिया। मामले की जांच जारी है।

महिला पर शादी और तलाक का बनाया दबाव

कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी कौशल मीणा से उसकी पहचान वर्ष 2023 में हुई थी। कुछ समय बाद महिला ने उससे संपर्क समाप्त कर दिया, लेकिन आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा। शिकायत के अनुसार आरोपी बार-बार महिला पर अपने पति से तलाक लेने और उससे शादी करने का दबाव बनाता था। बात नहीं मानने पर वह जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां भी देता था। महिला का कहना है कि लंबे समय से वह मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी।

देसी कट्टा लेकर घर में घुसा, महिला ने दिखाई सूझबूझ

शिकायत के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी हथियार लेकर महिला के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और थप्पड़ भी मारे। विरोध करने पर उसने धमकी देकर शादी के लिए दबाव बनाया। इस दौरान महिला ने घबराने के बजाय समझदारी से काम लिया। उसने आरोपी को बातचीत में उलझाए रखा और मौका मिलते ही उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे बड़ी घटना होने से टल गई।

ये भी पढ़ें – सुपौल हत्याकांड: इंजीनियर की हत्या मामले में पत्नी, कथित प्रेमी और शूटर गिरफ्तार, पुलिस ने साजिश का किया दावा

दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके हाथ में देसी कट्टा था और वह खुद को गोली मारने की धमकी दे रहा था। बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि जब तक महिला पति से तलाक लेकर उससे शादी करने की लिखित सहमति नहीं देगी, तब तक वह बाहर नहीं आएगा। करीब दो घंटे तक पुलिस लगातार समझाइश करती रही और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही।

रणनीति से पकड़ा गया आरोपी, अस्पताल में भर्ती

काफी देर तक बातचीत के बाद पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। जिस कमरे में आरोपी बंद था, वहां लगे कूलर को हटाकर जाली के रास्ते पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे और दरवाजा खोलकर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस के अंदर पहुंचते ही आरोपी ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

पुलिस ने महिला की शिकायत और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके पास मौजूद हथियार की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महिला की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

https://x.com/home

https://www.facebook.com/

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *