अजमेर में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, लोगों ने पीछा कर एक बदमाश को दबोचा
अजमेर शहर के वैशाली नगर इलाके में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
तनिष्क शोरूम के पास महिला को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार जनता कॉलोनी निवासी रेखा शर्मा सोमवार शाम पैदल रिलायंस मॉल की ओर जा रही थीं। वैशाली नगर रोड स्थित तनिष्क ज्वैलर्स शोरूम के पास पहुंचते ही बिना नंबर की काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से भागने लगे।
महिला के शोर पर लोगों ने घेरकर पकड़ा आरोपी
चेन छीने जाने के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों और अन्य बाइक सवारों ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर लोगों ने मोटरसाइकिल चला रहे आरोपी को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। इस दौरान पीछे बैठा दूसरा आरोपी चलती बाइक से कूदकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपी के बैग से मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और कुछ कपड़े भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद की सोने की चेन
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला की छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। पूछताछ में उसकी पहचान नागफणी निवासी कृष्णा मलक के रूप में हुई है। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान अजय उर्फ कुशल (कालू) के रूप में हुई है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।