वैशाली में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- पहले घोटाले गिने जाते थे, अब निवेश के आंकड़े आते हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि पहले बिहार में घोटालों और अपराधों की चर्चा होती थी। अब निवेश और विकास के आंकड़े सामने आते हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के सुशासन की तारीफ की और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की टीम को विकास का मिशन आगे बढ़ाने वाला बताया।

मुख्य बातें
- पहले घोटाले गिने जाते थे, अब निवेश के आंकड़े आते हैं', पीएम मोदी का हमला
- वैशाली से पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना, बिहार के विकास का किया जिक्र
- पीएम मोदी ने किया नीतीश सेतु का उद्घाटन, पटना-वैशाली की दूरी होगी कम
BIHAR,21 NOV. 2026:
बिहार ने विकास और भरोसे का रास्ता चुना: पीएम मोदी
वैशाली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार ने करीब तीन दशक पहले उम्मीद और भरोसे का रास्ता चुना था।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सुशासन के प्रति नया विश्वास पैदा हुआ। नीतीश कुमार ने कई वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की।पीएम मोदी ने कहा कि अब सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इसी मिशन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए के सभी घटक दल मिलकर समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए काम करेंगे।
रामविलास पासवान के सपनों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया।उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि रामविलास पासवान की आत्मा आज उन्हें आशीर्वाद दे रही होगी। एनडीए सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास इसी प्रयास का हिस्सा है।
'पहले घोटाले गिने जाते थे, अब निवेश के आंकड़े आते हैं'
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में एनडीए शासन से पहले और अब की स्थिति की तुलना की।उन्होंने कहा कि पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी, लेकिन अब निवेश के आंकड़े सामने आते हैं। पहले अपराधों के आंकड़ों की चर्चा होती थी, जबकि अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात होती है।पीएम मोदी ने दावा किया कि एनडीए शासन में बिहार में विकास की होड़ दिखाई दे रही है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
नीतीश सेतु से पटना और वैशाली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर
प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा नदी पर बने दरभंगा-बिदुपुर छह लेन पुल को जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है।करीब 9.76 किलोमीटर लंबे इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।पीएम मोदी ने कहा कि पुल बनने से किसानों को फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इसके अलावा युवाओं को शिक्षा और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में मदद मिलेगी।
करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





