वैभव सूर्यवंशी विवाद पर BCCI का बड़ा फैसला, बोर्ड ने साफ किया अपना रुख
दाम्बुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशन हलमगे के बीच हुई तीखी नोकझोंक चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि इस विवाद को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मामले में कोई अलग कार्रवाई नहीं करेगा और फैसला मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में ही रहेगा।
BCCI ने कार्रवाई की अटकलों पर लगाया विराम
सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा कि ऑन-फील्ड घटनाओं में हस्तक्षेप करना बोर्ड का काम नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे मामलों में निर्णय लेने का अधिकार मैच रेफरी और अंपायर के पास होता है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं का सम्मान करता है और किसी भी स्थिति में आधिकारिक तंत्र के अधिकार क्षेत्र में दखल नहीं देगा।
मैच रेफरी ने लिया अनुशासनात्मक एक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, मैच रेफरी प्रदीप जयप्रगाश ने घटना के बाद श्रीलंकाई स्पिनर विशन हलमगे पर जुर्माना लगाया है। इसके अलावा खिलाड़ियों के बीच विवाद शांत कराने की कोशिश करने वाले अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को भी नियमों के तहत दंडित किया गया। इससे पहले भी दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में स्लेजिंग और तीखी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी।
देवजीत सैकिया ने क्या कहा?
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि मैदान पर जो कुछ भी होता है, उसका मूल्यांकन और कार्रवाई करने के लिए पहले से एक मजबूत व्यवस्था मौजूद है। उनके अनुसार, यदि बोर्ड ऐसे मामलों में सीधे हस्तक्षेप करेगा तो यह गलत परंपरा की शुरुआत होगी। उन्होंने दोहराया कि ऑन-फील्ड अनुशासन से जुड़े मामलों का निपटारा मैच अधिकारियों के स्तर पर ही होना चाहिए।
सुपर ओवर के बाद बढ़ा था तनाव
दाम्बुला में खेले गए मुकाबले में इंडिया ए की टीम सुपर ओवर में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी, जिसके बाद श्रीलंका ए ने जीत दर्ज की। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस हुई और इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी तथा विशन हलमगे के बीच धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। बाद में साथी खिलाड़ियों और अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।