#क्राइम #राज्य-शहर

हिमाचल से लौटने से 2 घंटे पहले अलवर में सूने मकान में चोरी, CCTV में कैद हुआ आरोप

अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित दयानंद नगर में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। खास बात यह रही कि परिवार के घर लौटने से महज दो घंटे पहले ही आरोपी फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

पीड़ित राधेश्याम ने बताया कि वह 24 मई को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मकान के तीनों ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉक भी तोड़े हुए थे।

जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सोने की दो अंगूठियां, एक चैन, कंगन, चांदी की पाजेब, एक लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है।

परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो एक युवक रात करीब 1:30 बजे से 2:45 बजे तक गली में सरिया लेकर घूमता नजर आया। वहीं करीब 2:40 बजे वह बैग में सामान भरकर मौके से जाता हुआ दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *