#क्राइम #राज्य-शहर

बारां में ACB की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन संरक्षण के बदले रिश्वत लेते यातायात प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार

राजस्थान के बारां जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यातायात प्रभारी सब-इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी परिवादी से अवैध खनन में उपयोग हो रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना किसी रोक-टोक चलाने देने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कालूराम के अनुसार, 25 मई 2026 को एक परिवादी ने बारां चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि यातायात प्रभारी चंद्रप्रकाश ने उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर पहले ही 27,000 रुपये वसूल कर लिए थे। इसके बाद आरोपी ने नियमित रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने देने के बदले 10,000 रुपये प्रतिमाह ‘बंदी महीना’ के रूप में मांग की।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ACB टीम ने 26 मई 2026 को गोपनीय तरीके से सत्यापन कार्रवाई की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी अधिकारी द्वारा 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाकर ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। आज एएसपी कालूराम के नेतृत्व में उप अधीक्षक पुलिस प्रेमचंद व उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही परिवादी ने आरोपी को 7,000 रुपये दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ACB की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं या क्या यह कोई संगठित वसूली का हिस्सा था।

एएसपी कालूराम ने बताया कि शिकायत के आधार पर सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 7,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *