अलवर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से दो बाइक सवार जिंदा जले, ग्रामीणों का हंगामा
अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में धीरोडा–दरोगाला मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सड़क पर गिरे 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के तार की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली आपूर्ति बंद करवाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर टहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीण अस्पताल के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद भी बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और संविदा पर नौकरी देने की मांग की।
कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस ने दोनों शवों का रात में ही पोस्टमॉर्टम करवाया। मृतकों की पहचान मूलचंद गुर्जर निवासी लिलिया और रमेश गुर्जर निवासी कानियावास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में हाईटेंशन लाइन का तार गिरा मिला और वे उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से तार ढीले पड़े हुए थे, जिनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं मौके पर पहुंचे भाजपा नेता रोहिताश घाघल ने भी हादसे के लिए संबंधित अधिकारियों (AEN और JEN) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बारिश और आंधी-तूफान के मौसम में ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है, इसलिए परिजनों को उचित मुआवजा और नौकरी दी जानी चाहिए।