#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला, मौके पर मौत

अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:15 बजे लोहिया का तिबारा इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान रूपबास निवासी मुकेश जांगिड़ और सुनील जांगिड़ के रूप में हुई है, जो आपस में जीजा-साले थे। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बढ़ई का काम करते थे और पिछले करीब दो वर्षों से नेटवर्क मार्केटिंग से भी जुड़े हुए थे। सोमवार को वे काम के सिलसिले में टोल टैक्स क्षेत्र में कुछ लोगों से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय बहाला की ओर से एमआईए जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी दुलीचंद ने बताया कि वह पिछले एक साल से नेटवर्क मार्केटिंग के काम के सिलसिले में मृतकों के साथ जुड़ा हुआ था। सोमवार को तीनों टोल टैक्स क्षेत्र में कुछ लोगों से मिलने गए थे और वहां से लौट रहे थे। मुकेश और सुनील एक बाइक पर आगे चल रहे थे, जबकि दुलीचंद दूसरी बाइक पर उनके पीछे था। तीनों लगभग साथ ही चल रहे थे और उनकी रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

जैसे ही वे लोहिया का तिबारा इलाके में पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *