#क्राइम #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

बाम्बोली में लगातार चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, एसपी से मिलकर रात्रि गश्त बढ़ाने की करेंगे मांग

अलवर। बाम्बोली गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों की पंचायत हुई। हाल ही में शनिवार रात ठेकेदार बच्चू सिंह चौधरी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने अब पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से मुलाकात कर गांव में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने का निर्णय लिया है।

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात चोर छत के रास्ते बच्चू सिंह चौधरी के मकान में दाखिल हुए और करीब आठ तोला सोने के आभूषण तथा 13 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह घर में सामान बिखरा मिला तो चोरी का पता चला। सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की स्पेशल टीम और एमओबी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, लेकिन अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग सका है।

पहले भी हो चुकी हैं कई चोरी की वारदातें

ग्रामीणों का कहना है कि बाम्बोली में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में कई मकानों और अन्य स्थानों को चोर निशाना बना चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में हुई कुछ चोरी की वारदातों का भी अब तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है और चोरी गया सामान बरामद नहीं हुआ।

शनिवार रात हुई चोरी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना स्तर पर बार-बार शिकायत करने के बाद जांच और जल्द कार्रवाई का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

अब ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से मुलाकात कर गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व की चोरी की वारदातों का खुलासा करने और शनिवार रात हुई चोरी के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस की सक्रियता और निगरानी बढ़ाना जरूरी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *