#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

“तेज़ रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को 300 मीटर तक घसीटा, लोकेश की दर्दनाक मौत—CCTV फुटेज में पूरी घटना कैद”

अलवर शहर में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। भगत सिंह सर्किल के पास स्कीम नंबर दो के मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने एक ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि रिक्शा दो हिस्सों में टूट गया। प्रत्यक्षदर्शी ई-रिक्शा चालक बाबू सिंह ने बताया कि रात करीब 1 बजे वह वहां से गुजर रहा था। उसे सड़क पर टूटा हुआ रिक्शा दिखा। करीब 300 मीटर आगे एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा मिला। पता चला कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक लोकेश कार में फंसकर घसीट गया था। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर कार को तलाश कर लिया है ।

बाबू सिंह ने बताया कि लोकेश काफी देर तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा लेकिन किसी ने मदद नहीं की। वह खुद उसे रिक्शे में डालकर अस्पताल ले गया। रास्ते में लोकेश थोड़ी देर तक बोल भी रहा था, लेकिन जल्द ही बेहोश हो गया। डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर किया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

लोकेश के छोटे भाई राजकुमार के मुताबिक, लोकेश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का सहारा था। वह रात 12 बजे सवारी छोड़कर लौट रहा था तभी तेज रफ्तार टियागो कार ने टक्कर मार दी। लोकेश अविवाहित था और माता-पिता के साथ बांस वाली गली, बजाजा बाजार में रहता था।

थाना कोतवाली के एएसआई होशियार सिंह ने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार टाटा टियागो कार को जब्त कर लिया गया है। कार अलवर शहर की ही है और ड्राइवर की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *