अलवर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, शहर में कचरा उठान ठप
अलवर शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित होती नजर आ रही है। शनिवार सुबह नगर निगम के अंबेडकर नगर स्थित डंपिंग यार्ड पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और हेल्पर एकत्रित होकर हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने ठेकेदार पर मनमानी, कम वेतन और श्रमिकों के साथ उचित व्यवहार नहीं करने के आरोप लगाए हैं।
हड़ताल के चलते शहर में घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली ऑटो टिपर गाड़ियां नहीं चलीं, जिससे कई इलाकों में सुबह से ही कचरा नहीं उठ सका और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यदि यह हड़ताल लंबी चली तो शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें समय पर उचित वेतन नहीं मिलता और ठेकेदार मनमर्जी से काम कराता है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
वहीं कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी और ठेकेदार एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जिसके कारण उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। हड़ताल का असर अब नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर साफ नजर आने लगा है और शहरवासियों की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि जल्द समाधान निकाला जाए।
उधर ठेकेदार का कहना है कि वेतन समय पर दिया जा रहा है और एक कर्मचारी को हटाए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – नाले के ऊपर चल रही कढ़ी-कचौरी दुकानों पर छापा, सैंपल जांच को भेजे