अलवर: 23 वर्षीय विवाहिता ने सेलफोस खाकर की आत्महत्या, जांच जारी
अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय विवाहिता द्वारा जहरीली दवा सेलफोस का सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शेरपुर गांव निवासी फरजाना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार फरजाना का निकाह 25 जुलाई 2024 को हरियाणा के नूंह जिले के झिरका फिरोजपुर निवासी वसीम के साथ हुआ था, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है। बताया जा रहा है कि वसीम पिछले करीब ढाई महीने से काम के सिलसिले में घर से बाहर था, जिसके चलते फरजाना अपने पीहर शेरपुर में रह रही थी।
शुक्रवार शाम अज्ञात कारणों के चलते फरजाना ने जहरीली दवा सेलफोस का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान रात करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि फरजाना के निकाह की दूसरी सालगिरह को अभी एक सप्ताह ही हुआ था।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – अलवर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, शहर में कचरा उठान ठप