Salman Khan ने ‘काला हिरण’ फिल्म के खिलाफ दिल्ली HC का दरवाजा खटखटाया, अंडरवर्ल्ड कनेक्शन दिखाने का आरोप
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने आगामी फिल्म ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। अभिनेता का आरोप है कि फिल्म उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन करती है और बिना अनुमति उनके जीवन से जुड़े विवादों को दिखाते हुए अंडरवर्ल्ड से संबंधों का संकेत देती है।
फिल्म की रिलीज और प्रमोशन पर रोक की मांग
सलमान खान ने अदालत से फिल्म के निर्माण, रिलीज, स्ट्रीमिंग और प्रचार-प्रसार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म कथित तौर पर 1998 के काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है, जबकि यह मामला अभी भी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है। अभिनेता का कहना है कि ऐसी फिल्म से कानूनी कार्यवाही प्रभावित हो सकती है।
‘पर्सनैलिटी राइट्स’ के उल्लंघन का आरोप
याचिका के अनुसार, फिल्म निर्माताओं ने सलमान खान से मिलते-जुलते कलाकार को कास्ट किया है, जिसका लुक, स्टाइल और यहां तक कि हाथ में पहना जाने वाला ब्रेसलेट भी अभिनेता जैसा दिखाया गया है। सलमान का दावा है कि उनकी अनुमति के बिना उनके व्यक्तित्व और लोकप्रिय छवि का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए किया जा रहा है।
अंडरवर्ल्ड कनेक्शन दिखाने पर आपत्ति
अभिनेता ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनके अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने का संकेत दिया गया है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में काला हिरण मामले के साथ-साथ लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी विवादित घटनाओं और जांच का भी उल्लेख किया गया है।
काशिफ इकबाल खान निभा रहे हैं प्रेरित किरदार
फिल्म में ‘अयान खान’ नाम का किरदार अभिनेता काशिफ इकबाल खान निभा रहे हैं। जारी किए गए फर्स्ट लुक में उनका हुलिया और बॉडी लैंग्वेज सलमान खान से काफी मिलती-जुलती नजर आई। फिल्म का निर्देशन भारत एस. श्रीनाथ ने किया है, जबकि निर्माता और लेखक अमित जानी हैं। फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज होने वाला है।
पहले भेजा गया था कानूनी नोटिस
फिल्म का पोस्टर सामने आने के बाद सलमान खान की ओर से निर्माताओं को लीगल नोटिस भेजा गया था। हालांकि निर्माता अमित जानी ने दावा किया था कि उन्होंने किसी अभिनेता की बायोपिक नहीं बनाई है, इसलिए नोटिस का जवाब देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं।