सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर भड़के सचिन पायलट, बोले- सरकार आंदोलन दबाने की कोशिश कर रही
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। टोंक में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पायलट ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने का अधिकार हर नागरिक को है, लेकिन सरकार आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं और जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की।
वांगचुक की हिरासत पर पायलट ने उठाए सवाल
टोंक दौरे पर पहुंचे सचिन पायलट ने सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार को बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए था, लेकिन जिस तरीके से कार्रवाई की गई, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। पायलट ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नीतियों के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश कर रही है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार जरूरी: पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता और युवाओं की भावनाओं को समझना चाहिए। पायलट ने केंद्र से मांग की कि वह आंदोलनों को लेकर टकराव की बजाय संवाद का रास्ता अपनाए और लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करे।
युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा
पायलट ने कहा कि देशभर में खासकर युवाओं के बीच केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी है। उन्होंने पेपर लीक जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार का रुख स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनभावनाओं को समझने के बजाय कठोर रवैया अपना रही है।
स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर भी साधा निशाना
राजस्थान के राजनीतिक हालात पर बात करते हुए सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्थानीय निकाय चुनावों को टाल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव कराने से डर लग रहा है। पायलट ने दावा किया कि हाईकोर्ट भी इस मामले में कई बार सरकार को निर्देश दे चुका है। उन्होंने सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं की भावना के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप लगाया।
टोंक में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा
इससे पहले सचिन पायलट ने टोंक सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा सहित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, बिजली, पेयजल व्यवस्था और निर्माण परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। पायलट ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
बिजली-पानी व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान पायलट ने अधिकारियों से कहा कि गर्मी और बारिश के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति बेहतर की जाए। उन्होंने बिजली कटौती कम करने और जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज, न्यू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें – जालोर में प्रतियोगी परीक्षा की असफलताओं से परेशान युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- ‘मम्मी-पापा मुझे माफ करना’