बीकानेर में झाड़ियों में मिला नवजात, चींटियों के बीच रोता रहा मासूम; ग्रामीणों ने बचाई जान
बीकानेर जिले के रणजीतपुरा गांव में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जन्म के कुछ घंटे बाद ही एक नवजात बच्चे को झाड़ियों के बीच बने खंडहर में लावारिस छोड़ दिया गया। मासूम के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बच्चे के चेहरे और शरीर पर चींटियां चल रही थीं। ग्रामीणों की तत्परता से नवजात की जान बच गई। फिलहाल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
झाड़ियों के बीच रोता मिला नवजात, ग्रामीणों ने बचाई जान
बीकानेर के रणजीतपुरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कुछ ग्रामीणों को झाड़ियों के बीच बने एक पुराने खंडहर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब वे आवाज का पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे तो वहां एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में पड़ा मिला। बच्चे को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बिना समय गंवाए स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और मासूम को बचाने की कोशिश शुरू कर दी।
चेहरे और हाथों पर चिपकी थीं चींटियां
ग्रामीणों ने बताया कि नवजात के चेहरे, हाथों और शरीर के कुछ हिस्सों पर चींटियां चल रही थीं। बच्चा दर्द और परेशानी से लगातार रो रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने कपड़े की मदद से बच्चे को ढका और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की एएनएम मधु श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं और नवजात को सुरक्षित अस्पताल लेकर गईं।
ये भी पढ़ें – राजगढ़ में चाय पीने बैठे युवक की अचानक मौत, CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला मंजर
अस्पताल में बच्चे का किया गया उपचार
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने नवजात की जांच की। बच्चे को साफ किया गया और उसे दूध भी पिलाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे का वजन करीब ढाई किलो है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। हालांकि शुरुआती जांच में उसके शरीर पर कुछ हल्के चोट के निशान मिले हैं। डॉक्टरों का मानना है कि बच्चे को जन्म के तुरंत बाद ही वहां छोड़ा गया होगा।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद रणजीतपुरा थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। इसके अलावा आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग, गांव में आक्रोश
नवजात को इस हालत में छोड़ने की घटना के बाद पूरे इलाके में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटना समाज को झकझोर देने वाली है। फिलहाल मासूम स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
https://www.facebook.com/StvNews2006