चलते ट्रेलर में भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोटपूतली के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पावटा के बावड़ी स्टैंड के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शाहपुरा से सरसों लेने बानसूर जा रहा एक ट्रेलर अचानक आग की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर के केबिन से पहले धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में ट्रेलर पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया।
सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस और पावटा नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कर दिया।
गनीमत रही कि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।