नारायणपुर आरोग्य केंद्र पर तालाबंदी, इलाज में लापरवाही के आरोप पर ग्रामीणों का धरना
कोटपुतली के नारायणपुर के उपखंड क्षेत्र में स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र गढ़ी मामूर में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आरोग्य केंद्र पर तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में मरीजों और घायलों को सही उपचार नहीं मिल पाता। केवल औपचारिकता निभाकर उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाती है, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। ताजा मामला एक प्रसूता से जुड़ा है, जिसे डिलीवरी के महज 2 घंटे बाद ही घर भेज दिया गया, जबकि नियमानुसार प्रसूता को 48 घंटे तक निगरानी में रखा जाना चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार लापरवाही चल रही है। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही ठोस कार्रवाई हुई।
इसके अलावा आरोप है कि दोपहर 2 बजे के बाद अस्पताल में कोई स्टाफ मौजूद नहीं रहता, जिससे इमरजेंसी सेवाएं भी ठप हो जाती हैं। पहले एएनएम अस्पताल परिसर में रहती थी, लेकिन अब वह भी बाहर रहने लगी है, जिससे व्यवस्थाएं और प्रभावित हुई हैं।
नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उच्च चिकित्सा अधिकारी मौके पर आकर उचित कार्रवाई नहीं करते, उनका धरना जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें – चलते ट्रेलर में भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान