कोटा में एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भाई के अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच ममेरे भाई की भी मौत
राजस्थान के कोटा जिले में सोमवार को एक ही परिवार के लिए दो सड़क हादसे जिंदगी भर का दर्द दे गए। सीमलिया थाना क्षेत्र के भौरा गांव में सुबह खेत जा रहे साइकिल सवार युवक को कार ने टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। तभी लकड़ियां लेकर लौट रहे उसके ममेरे भाई को भी दूसरी कार ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल युवक ने भी शाम को अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक ही दिन में दो युवकों की मौत से गांव में शोक छा गया।

मुख्य बातें
- भाई के अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच ममेरे भाई की भी मौत
- कोटा में एक ही दिन दो हादसे, एक परिवार के दो युवकों की गई जान
- पहले भाई की मौत, फिर लकड़ियां लेकर लौट रहे ममेरे भाई की भी गई जान
KOTA,24 NOV. 2026:
खेत जाते समय कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर
घटना सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-27 पर भौरा गांव के पास हुई। सीमलिया थानाधिकारी नंदसिंह के अनुसार, गांव निवासी राजेंद्र उर्फ राजू अहीरवाल (35) साइकिल से खेत जा रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी।हादसे में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे कोटा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई देवेंद्र अहिरवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई।
अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियां लेकर लौट रहा था ममेरा भाई
राजू की मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान उसके मामा का बेटा शिवचरण अहीरवाल (29) मुक्तिधाम से लकड़ियों की व्यवस्था करके लौट रहा था।सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाईवे-27 पर एक दूसरी कार ने शिवचरण को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से कोटा अस्पताल पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन शाम करीब चार बजे शिवचरण ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में मृतक के भाई शिवराज ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।
दोनों हादसों के बीच थी आधा किलोमीटर की दूरी
इस घटना की सबसे दुखद बात यह रही कि दोनों हादसे एक ही दिन और एक ही हाईवे पर हुए। घटनास्थलों के बीच करीब आधा किलोमीटर की दूरी बताई गई है।परिवार पहले राजू की मौत से उबर भी नहीं पाया था कि दूसरी दुर्घटना में शिवचरण की भी जान चली गई। एक ही दिन में दो युवकों की मौत से भौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
आर्थिक रूप से कमजोर है मृतक का परिवार
स्थानीय निवासी नंदकिशोर मेरोठा के अनुसार, राजू का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। वह मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। परिवार के पास अंतिम संस्कार के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं होने की बात सामने आई है।नंदकिशोर ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने बच्चों के भविष्य को देखते हुए भी मदद उपलब्ध कराने की अपील की।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





