कोटा में सरकारी स्कूल की छत की पट्टियां गिरीं, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिए जांच के आदेश
कोटा जिले के रामराजपुरा गांव स्थित सरकारी स्कूल में रविवार रात एक कमरे की छत की पट्टियां गिर गईं। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, जर्जर कमरे को पहले ही बंद कर दिया गया था। घटना के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जांच के आदेश दिए। विधायक कल्पना देवी ने भी स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्य बातें
- कोटा में सरकारी स्कूल की छत गिरी, शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
- 30 साल पुराने स्कूल भवन में हादसा, विधायक कल्पना देवी ने किया निरीक्षण
- 78 बच्चों वाले स्कूल में हादसा, जर्जर कमरे की छत की पट्टियां टूटीं
KOTA,23 NOV. 2026:
रात 10:40 बजे मिली स्कूल की छत गिरने की सूचना
मामला कोटा के कैथून थाना क्षेत्र के रामराजपुरा गांव का है। रविवार रात सरकारी स्कूल के एक कमरे की छत की कुछ पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं।कैथून थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार के अनुसार, पुलिस को रात करीब 10:40 बजे स्कूल की बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक कमरे की कुछ पट्टियां टूटी हुई मिलीं।घटना के समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था। इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को सूचना दी और जर्जर भवन के आसपास किसी को नहीं जाने देने के निर्देश दिए।
जर्जर कमरे में नहीं बैठते थे बच्चे
लाडपुरा की मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ममता चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी स्कूल स्टाफ को रात में ही मिल गई थी। सुबह करीब 6:30 बजे वह भी स्कूल पहुंच गई थीं।उन्होंने बताया कि संबंधित कमरे को पहले ही बंद कर दिया गया था। वहां केवल फर्नीचर और अन्य सामान रखा हुआ था। कमरे के बाहर रस्सी लगाकर रास्ता बंद किया गया था।स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को दूसरी जगह बैठाने का प्रस्ताव भी लिया था। अधिकारियों के अनुसार, उस कमरे में किसी भी बच्चे को नहीं बैठाया जाता था।
स्कूल में 78 बच्चे नामांकित
यह सरकारी अपर प्राइमरी स्कूल कक्षा एक से आठवीं तक संचालित है। यहां कुल 78 बच्चे नामांकित हैं।सीबीईओ ममता चौधरी के अनुसार, भवन की मरम्मत के लिए मेजर मेंटेनेंस का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके लिए बजट भी स्वीकृत हो चुका है।योजना के तहत क्षतिग्रस्त छत की पट्टियां हटाकर नई छत बनाई जानी थी। हालांकि, अभी तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ था।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल को निजी भवन में संचालित करने के प्रयास पहले ही शुरू कर दिए गए थे।मंत्री के अनुसार, जर्जर हिस्से की मरम्मत के लिए 11.77 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। छत निर्माण के आदेश भी जारी हो चुके थे।हालांकि, चुनाव आचार संहिता के कारण काम शुरू नहीं हो सका। विभाग का कहना है कि बच्चे इस जर्जर हिस्से में नहीं बैठते थे।
विधायक कल्पना देवी ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी स्कूल पहुंचीं। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि चुनाव के दौरान स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया था। इसी वजह से उस समय दूसरी जगह स्कूल संचालित नहीं किया गया।अधिकारियों के अनुसार, स्कूल के लिए एक निजी भवन चिह्नित किया जा चुका है। विधायक ने जल्द से जल्द बच्चों को दूसरी बिल्डिंग में बैठाने के निर्देश दिए।ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल का भवन करीब 30 साल पुराना है। ग्रामीणों ने नए कमरों के निर्माण का प्रस्ताव भेजने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिए जांच के आदेश
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





