JEE Main 2027: रजिस्ट्रेशन के लिए कल आखिरी मौका, 13.29 लाख आवेदन; फीस नहीं भरी तो फॉर्म होंगे रद्द
JEE Main 2027 के पहले सेशन के लिए आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक आ गई है। 21 नवंबर दोपहर 12 बजे तक 13.29 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 11.19 लाख से अधिक ने ही परीक्षा शुल्क जमा किया है। करीब 2.10 लाख विद्यार्थियों ने फीस जमा नहीं कराई है। बिना विलंब शुल्क के आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर है। वहीं, विलंब शुल्क के साथ 26 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है।

मुख्य बातें
- JEE Main 2027 रजिस्ट्रेशन की कल आखिरी तारीख, 2.10 लाख ने नहीं भरी फीस
- जेईई मेन के 13.29 लाख रजिस्ट्रेशन, फीस नहीं भरी तो आवेदन होगा रद्द
- JEE Main 2027: 22 नवंबर तक आवेदन, 26 तक लेट फीस का मौका
KOTA,21 NOV. 2026:
13.29 लाख विद्यार्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) जनवरी 2027 में JEE Main के पहले सेशन की परीक्षा आयोजित करेगी। शुरुआत में आवेदन की रफ्तार धीमी थी। हालांकि, अब रोजाना करीब एक लाख आवेदन किए जा रहे हैं।NTA के अनुसार, 21 नवंबर दोपहर 12 बजे तक 13.29 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 11.19 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा शुल्क भी जमा कर दिया है।वहीं, करीब 2.10 लाख विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन के बाद फीस जमा नहीं कराई है। ऐसे में उनके आवेदन अधूरे माने जाएंगे। परीक्षा शुल्क जमा नहीं होने पर आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।
22 नवंबर तक बिना लेट फीस कर सकेंगे आवेदन
JEE Main 2027 के पहले सेशन के लिए बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर निर्धारित की गई है।इसके बाद विद्यार्थी 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करनी होगी।कैरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा के अनुसार, इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन तो किया है, लेकिन परीक्षा शुल्क जमा नहीं कराया।
गलती सुधारने के लिए दोबारा आवेदन कर रहे विद्यार्थी
इस बार NTA ने आवेदन प्रक्रिया में एक बदलाव किया है। विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद आवेदन में गलती होने पर नया आवेदन करने का विकल्प दिया गया है।इसके चलते कुछ विद्यार्थियों ने नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक जानकारी, फोटो, परीक्षा माध्यम और कैटेगरी से जुड़ी जानकारी में गलती होने पर दोबारा रजिस्ट्रेशन किया है।विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे विद्यार्थियों में कई ने पहले आवेदन की फीस जमा नहीं कराई। इसके बाद उन्होंने नया रजिस्ट्रेशन किया। इसी वजह से कुल रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में अंतर दिखाई दे रहा है।
आधार कार्ड और लाइव फोटो मिसमैच भी बना कारण
आवेदन के दौरान लाइव फोटो और आधार कार्ड की तस्वीर में अंतर होने से भी विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।कुछ विद्यार्थियों ने आधार कार्ड में अपना नाम या फोटो अपडेट कराया था। इसके बाद पुराने आधार कार्ड की जानकारी से आवेदन करने पर फोटो मिसमैच की समस्या सामने आई।ऐसे मामलों में विद्यार्थियों ने दोबारा आवेदन किया। हालांकि, विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि हर छोटी गलती के लिए नया रजिस्ट्रेशन करने से बचना चाहिए।
27 से 29 नवंबर तक खुलेगी करेक्शन विंडो
NTA की ओर से JEE Main 2027 के लिए करेक्शन विंडो 27 से 29 नवंबर तक उपलब्ध कराई जाएगी।इस दौरान विद्यार्थी निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन में सुधार कर सकेंगे। विशेषज्ञ अमित आहूजा ने सलाह दी है कि जिन गलतियों को करेक्शन विंडो में सुधारा जा सकता है, उनके लिए अनावश्यक रूप से नया आवेदन न करें।विद्यार्थियों को आवेदन की जानकारी और शुल्क की स्थिति समय रहते जांच लेनी चाहिए। अधूरी आवेदन प्रक्रिया के कारण परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रभावित हो सकता है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





