दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- 'खालिस्तान जिंदाबाद'
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। 29 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर IED विस्फोट की चेतावनी दी गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। पुलिस धमकी की सत्यता और ईमेल भेजने वाले की पहचान की जांच कर रही है।

मुख्य बातें
- दिलजीत के शो में IED ब्लास्ट की चेतावनी, ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद
- दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
- कॉन्सर्ट से पहले धमकी भरा ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
BENGALURU,24 NOV. 2026:
NICE रोड ग्राउंड पर हमले की चेतावनी
जानकारी के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 29 नवंबर को बेंगलुरु के मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड में प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है।ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, शो में शामिल होने वाले दर्शकों को भी कई हिदायतें दी गई हैं। ईमेल भेजने वाले ने लोगों से बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल नहीं उठाने और मेट्रो से सफर नहीं करने को कहा है।
धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ईमेल की सत्यता जांचने में जुटी है। साथ ही, इसे भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल धमकी की पुष्टि और किसी वास्तविक विस्फोटक खतरे की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच पूरी होने तक इसे धमकी भरे ईमेल के रूप में ही देखा जा रहा है।
अहमदाबाद कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से जुड़ी एक अन्य घटना में अहमदाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में दिल्ली के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान महंगे मोबाइल फोन चुराने का आरोप है।लोकल क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से करीब 4.3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी की छह अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं।
गोल्ड टिकट खरीदकर प्रीमियम दर्शकों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रीमियम सेक्शन में प्रवेश के लिए गोल्ड कैटेगरी के महंगे टिकट खरीदे थे। उनका मकसद वहां मौजूद दर्शकों के महंगे स्मार्टफोन चुराना था।कॉन्सर्ट के दौरान कई लोगों ने कंट्रोल रूम में मोबाइल चोरी की शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और एग्जिट गेटों पर जवान तैनात किए।पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों संदिग्धों को पीछा कर पकड़ लिया गया। उनकी पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद गुलज़ार और अशरफ हुसैन इदरीसी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने प्रीमियम सेक्शन के दर्शकों के मोबाइल चुराने के इरादे से अहमदाबाद आने की बात स्वीकार की।
पुलिस का पक्ष
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





