STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 24 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

पंजाब चुनाव 2027: छह साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने दोबारा गठबंधन कर लिया है। मंगलवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में यह ऐलान हुआ। इसके साथ ही दोनों पार्टियों के बीच छह साल से चला आ रहा राजनीतिक अलगाव खत्म हो गया है। हालांकि, अभी सीटों के बंटवारे को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है।

पंजाब चुनाव 2027
फोटो: PHOTO GOOGLE

मुख्य बातें

  • छह साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब चुनाव के लिए गठबंधन
  • पंजाब चुनाव 2027: अमित शाह ने किया BJP-SAD गठबंधन का ऐलान
  • कृषि कानूनों के विरोध में टूटा गठबंधन फिर जुड़ा, साथ लड़ेंगे पंजाब चुनाव

PUNAJB POLITICS,24 NOV. 2026:

अमित शाह बोले- अकाली दल NDA का आधिकारिक सहयोगी होगा

दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के नेताओं ने पंजाब विधानसभा का अगला चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है।अमित शाह ने यह भी घोषणा की कि अकाली दल अब NDA के आधिकारिक सहयोगी के रूप में काम करेगा। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।

कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। उस समय केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आए थे।अकाली दल ने कृषि कानूनों का विरोध करते हुए NDA से अलग होने का फैसला किया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।इसके बाद किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। हालांकि, कानून वापस होने के बावजूद दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही।

1996 में हुई थी गठबंधन की शुरुआत

शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन पंजाब की राजनीति में पुराना रहा है। दोनों दलों के बीच राजनीतिक नजदीकी 1996 में बढ़ी थी।इसके बाद 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले औपचारिक गठबंधन हुआ। करीब ढाई दशक तक दोनों पार्टियों ने मिलकर पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी।हालांकि, कृषि कानूनों के मुद्दे पर सितंबर 2020 में यह पुराना गठबंधन टूट गया था। अब छह साल बाद दोनों दल फिर एक साथ आ गए हैं।

2024 लोकसभा चुनाव से पहले भी हुई थी बातचीत

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन की कोशिश हुई थी। दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच इस संबंध में बातचीत भी हुई।हालांकि, सीटों के बंटवारे और गठबंधन की शर्तों पर सहमति नहीं बन पाई। इसके चलते उस समय दोनों दल साथ चुनाव नहीं लड़ सके थे।

पंजाब में 117 सीटों पर होगा मुकाबला

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने से 2027 का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।एक ओर आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। वहीं, कांग्रेस भी चुनावी रणनीति बनाने में जुटी है। ऐसे में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन दोनों दलों के लिए नई राजनीतिक चुनौती पेश कर सकता है।हालांकि, गठबंधन में दोनों पार्टियों को कितनी सीटें मिलेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। सीटों के बंटवारे पर होने वाली बातचीत के बाद चुनावी रणनीति की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।