STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 20 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

जोधपुर: मणिपुर में सैन्य वाहन हादसे में फलोदी के कैप्टन डॉ. हनुमान राम शहीद, गांव में शोक की लहर

राजस्थान के फलोदी जिले के सुवाप गांव के 29 वर्षीय कैप्टन डॉ. हनुमान राम चौधरी मणिपुर में सैन्य वाहन दुर्घटना में शहीद हो गए। बुधवार को सेना का बख्तरबंद वाहन इटम नदी में गिर गया था। हादसे में कैप्टन हनुमान राम के साथ एक अन्य जवान की भी मौत हो गई। दो जवान घायल हुए हैं। शहादत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक छा गया। शुक्रवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचने की जानकारी दी गई है।

इटम नदी में गिरा था सेना का बख्तरबंद वाहन
फोटो: PHOTO FILE

मुख्य बातें

  • मणिपुर में शहीद हुए राजस्थान के कैप्टन डॉ. हनुमान राम
  • फलोदी के वीर सपूत ने देश सेवा में गंवाई जान
  • सैन्य वाहन इटम नदी में गिरा, कैप्टन हनुमान राम शहीद

JODHPUR,19 NOV. 2026:

इटम नदी में गिरा था सेना का बख्तरबंद वाहन

हादसा 18 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में लामलाई थाना क्षेत्र के लामलाई-चैलो इलाके में हुआ। 8वीं बिहार रेजिमेंट के जवानों को लेकर जा रहा बख्तरबंद वाहन इटम नदी में गिर गया। वाहन कुछ समय तक पानी में डूबा रहा। बचाव दल ने जवानों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कैप्टन हनुमान राम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में एक अन्य जवान की भी मौत, दो घायल

हादसे में घायल सिपाही माली जयेश हिम्मत (24), सिपाही राकेश सरपाटे (37) और अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह (19) को अस्पताल पहुंचाया गया था। बाद में सिपाही जयेश हिम्मत की भी मौत हो गई। अन्य दो जवान घायल हुए।

STV वीडियो · YouTube पर देखें

मणिपुर के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

19 नवंबर को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इंफाल एयरपोर्ट पर दोनों दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

डेढ़ साल पहले सेना में डॉक्टर के पद पर हुए थे भर्ती

परिजनों के अनुसार, कैप्टन हनुमान राम करीब डेढ़ साल पहले सेना में डॉक्टर के पद पर भर्ती हुए थे। हादसे के समय वह मेडिकल कैंप की ड्यूटी पूरी कर यूनिट लौट रहे थे। इसी दौरान सैन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गया।

उनकी शहादत की खबर से परिवार और ग्रामीणों को गहरा सदमा लगा है। क्षेत्र के लोग अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शुक्रवार को पैतृक गांव पहुंचने की जानकारी

परिजनों के अनुसार, कैप्टन हनुमान राम की पार्थिव देह विशेष सैन्य विमान से फलोदी लाई जानी है। इसके बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे अंतिम यात्रा सड़क मार्ग से रवाना होने की जानकारी दी गई है।अंतिम यात्रा शैतान सिंह नगर, देणोक, मायलो की ढाणी स्कूल, छीत्तरबेरा स्थित शहीद शिवलाल स्मारक, आऊ, टेणानाडी, मुंडों की ढाणियां, राईकानाथ जी की समाधि और करणीधाम सुवाप होते हुए बेन्दों की ढाणियों पहुंचेगी। रास्ते में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

दिव्या मदेरणा और रविंद्र सिंह भाटी ने जताया दुख

राजस्थान की कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कैप्टन हनुमान राम को मातृभूमि की सेवा में समर्पित वीर सपूत बताते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं।

हादसे के कारणों की जांच जारी

मणिपुर में हुए इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। सैन्य वाहन नदी में कैसे गिरा, इसकी पड़ताल की जा रही है।

हादसे और शहादत से जुड़ी प्रमुख जानकारी

- नाम: कैप्टन डॉ. हनुमान राम चौधरी

- उम्र: 29 वर्ष

- निवास: सुवाप क्षेत्र, फलोदी

- यूनिट: 8वीं बिहार रेजिमेंट

- हादसे की तारीख: 18 नवंबर 2026

- स्थान: इटम नदी, इंफाल पूर्वी जिला, मणिपुर

- अन्य मृतक: सिपाही माली जयेश हिम्मत

- घायल: सिपाही राकेश सरपाटे और अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।