डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में सीनियर-जूनियर विवाद ने लिया हिंसक रूप, कड़े से वार कर छात्र का सिर फोड़ा
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। हमले में द्वितीय वर्ष का छात्र प्रिंस लाम्बा घायल हो गया। आरोप है कि एक सीनियर ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया। घायल छात्र को जिला अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। विवाद की शुरुआत हॉस्टल में मोबाइल पर ऊंची आवाज में बात करने को लेकर हुई थी। इसके बाद अगले दिन समझौते के बहाने बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

मुख्य बातें
- डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में सीनियर-जूनियर विवाद, छात्र का सिर फोड़ा
- हॉस्टल में फोन पर बात करने से नाराज हुआ सीनियर, अगले दिन हमला
- समझौते के बहाने बुलाया, कड़े से सिर पर किया वार
DUNGARPUR,19 NOV. 2026:
हॉस्टल में मोबाइल पर बात करने को लेकर हुआ विवाद
नीमकाथाना निवासी प्रिंस लाम्बा ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह हॉस्टल की लॉबी में मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक सीनियर छात्र ने ऊंची आवाज में बात करने पर आपत्ति जताई।इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौच भी हुई। शिकायत के अनुसार, सीनियर ने मारपीट करने की कोशिश की। हालांकि, दूसरे छात्रों के बीच-बचाव करने पर उस समय मामला शांत हो गया।
समझौते के बहाने कॉलेज के बाहर बुलाने का आरोप
प्रिंस के मुताबिक, मंगलवार शाम पढ़ाई खत्म होने के बाद कोटा निवासी सीनियर छात्र निशांत शर्मा ने उसे समझौते के लिए बुलाया। उसे कॉलेज के बाहर एक चाय की थड़ी पर आने के लिए कहा गया।प्रिंस वहां पहुंचा तो सिद्धांत यादव, अक्षय मीणा, अनुराग पारिक, हर्ष मीणा, जयेश पांडोर और राजेंद्र लोढ़ा पहले से मौजूद थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही इन छात्रों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके साथी अभिषेक पुरी और विरेंद्र मोहाल भी हमले की चपेट में आ गए।
कड़े से सिर पर वार, ICU में चल रहा इलाज
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान अक्षय मीणा ने हाथ में पहने कड़े से प्रिंस के सिर पर वार किया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।साथियों ने घायल छात्र को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसके सिर में टांके लगाए। हालत गंभीर होने के कारण उसे ICU में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
कॉलेज आने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
प्रिंस ने सदर थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज आने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल छात्र के पिता रामसिंह जाट CRPF में हेड कांस्टेबल हैं।पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मारपीट और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस का पक्ष
फिलहाल मारपीट और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





