STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 6 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

झुंझुनूं में फर्जी मतदान के विरोध पर खूनी संघर्ष, घायल व्यक्ति की मौत; हत्या का मामला दर्ज

झुंझुनूं जिले के कैरू गांव में पंचायत चुनाव के दौरान कथित फर्जी मतदान के विरोध को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल मीलों का बास निवासी शिशुपाल सिंह मिठारवाल की सीकर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के दौरान हुई थी। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मृतक :शिशुपाल
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

JHUNJHUNU,05 NOV. 2026:

फर्जी मतदान के विरोध से शुरू हुआ विवाद

घटना नवलगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के कैरू गांव की है। पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को जिला परिषद सदस्य के चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर कथित फर्जी मतदान को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के भाई नेमीचंद ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कुछ ग्रामीण फर्जी मतदान कर रहे थे।मतदान केंद्र के अंदर मौजूद पोलिंग एजेंट अमित ने इसका विरोध किया। इसके बाद नेमीचंद ने भी मौके पर मौजूद लोगों को समझाते हुए ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे शिशुपाल के साथ भी मारपीट

नेमीचंद की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान मीलों का बास निवासी राजेश कुमार पुत्र राजूराम उग्र हो गया। इसके बाद महेंद्र पुत्र राजूराम, बिमला देवी, गीता देवी, महेंद्र के दो पुत्र, इंदिरा, परमेश्वरी, नाहर सिंह और उसकी पत्नी सहित 5-7 अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।रिपोर्ट में बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंची नेमीचंद की पत्नी संतरा देवी और उसके भाई शिशुपाल के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि संतरा देवी के बाएं हाथ की अंगुली को दांत से काट लिया गया। वहीं, शिशुपाल की छाती पर लात मारी गई। चोट लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

सीकर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

शिशुपाल की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सीकर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।शिशुपाल की मौत के बाद बुधवार को शव नवलगढ़ जिला अस्पताल लाया गया। यहां परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। इससे अस्पताल परिसर में कुछ समय तक स्थिति बनी रही।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, समझाइश के बाद पोस्टमार्टम

सूचना मिलने पर नवलगढ़ थानाधिकारी सीआई अजय सिंह पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए।इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को ही पैतृक गांव मीलों का बास में शिशुपाल का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच

पुलिस ने मृतक के भाई नेमीचंद की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।