STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

कोटा में चोरों की करतूत से इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहिए थमे, 4 घंटे बाधित रहा दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग

कोटा रेल मंडल में ओएचई तार चोरी की कोशिश से दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। सोमवार रात आलनिया और दाढ़ देवी स्टेशन के बीच तार काटने की कोशिश की गई। टूटकर लटक रहा तार इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के पेंटोग्राफ में उलझ गया। इससे पेंटोग्राफ क्षतिग्रस्त हुआ और ट्रेन रास्ते में रुक गई। घटना के कारण डाउन लाइन पर करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान 19 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। रेलवे की टीम ने मरम्मत के बाद रात 1:40 बजे यातायात बहाल किया।

कोटा में रेलवे तार चोरों का आतंक,
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • ओएचई तार चोरी की कोशिश से रुकी इंटरसिटी एक्सप्रेस, 19 ट्रेनें प्रभावित
  • कोटा में रेलवे तार चोरों का आतंक, चार घंटे ठप रहा रेल यातायात
  • पेंटोग्राफ में उलझा बिजली का तार, बीच रास्ते में खड़ी हुई ट्रेन

KOTA,17 NOV. 2026:

पेंटोग्राफ में उलझा ओएचई तार, रास्ते में रुकी ट्रेन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9:40 बजे हुई। ट्रेन संख्या 12415 इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस घटनास्थल से गुजर रही थी। इसी दौरान टूटकर लटक रहा ओएचई तार ट्रेन के पेंटोग्राफ में फंस गया।तार उलझने से पेंटोग्राफ क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे।मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने भी अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेलवे टीम ने स्थिति का जायजा लेकर मरम्मत का काम शुरू कराया।

सिंगल लाइन से निकाली गईं ट्रेनें, रात 1:40 बजे बहाल हुआ यातायात

हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग की डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सिंगल लाइन से ट्रेनों को निकालना शुरू किया।इसके बावजूद कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन की 15 और दिल्ली की ओर जाने वाली अप लाइन की चार ट्रेनें प्रभावित हुईं।रेलवे की टावर वैगन टीम ने मौके पर पहुंचकर ओएचई लाइन की मरम्मत की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 1:40 बजे रेल यातायात सामान्य हो सका।

40 दिन में ओएचई तार चोरी की पांच घटनाएं

कोटा रेल मंडल में रेलवे के ओएचई तार काटने और चोरी की कोशिशों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रेलवे के अनुसार, 9 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 के बीच ऐसी पांच घटनाएं हुईं।इनमें रामगंजमंडी-भोपाल रेलखंड के जुल्मी और झालावाड़ सिटी क्षेत्र की एक घटना शामिल है। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग के आलनिया-दाढ़ देवी सेक्शन में एक घटना हुई।वहीं, कोटा-चित्तौड़गढ़ रेलखंड के बरुंदनी-पारसोली सेक्शन में दो घटनाएं सामने आईं। लगातार हो रही इन वारदातों से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, 89.600 किलो तार बरामद

रेलवे सुरक्षा बल ने पहले की दो घटनाओं में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चार अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। छह संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है।कार्रवाई के दौरान करीब 32,166 रुपए कीमत का 89.600 किलो ओएचई तार बरामद किया गया। इसके साथ ही एक चौपहिया वाहन, बाइक, लोहे की बड़ी कैंची, प्लायर और तार काटने के उपकरण भी जब्त किए गए।रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

ताजा घटना की जांच में जुटी आरपीएफ

ताजा घटना को लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ तार काटने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान में जुटी है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तार चोरी करने वाले गिरोह की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाल की घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है या अलग-अलग समूह शामिल हैं।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।