IND W vs PAK W Live Streaming: बर्मिंघम में महामुकाबला, जानें भारत में कब और कहां देखें लाइव
आईसीसी वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हैं। दोनों टीमें रविवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। मुकाबला इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। भारत का लक्ष्य जीत के साथ टूर्नामेंट में आगाज करना होगा, जबकि पाकिस्तान की टीम भी उलटफेर की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी।
वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत का रहा है बेहतर रिकॉर्ड
महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारतीय टीम का प्रदर्शन पाकिस्तान की तुलना में ज्यादा प्रभावशाली रहा है। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में 40 मैच खेले हैं, जिनमें 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। भारतीय टीम 2020 संस्करण के फाइनल तक भी पहुंच चुकी है। दूसरी ओर पाकिस्तान ने 36 मैचों में केवल 9 जीत हासिल की हैं और वह अब तक नॉकआउट चरण में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी है। आंकड़ों के लिहाज से भारतीय टीम मजबूत दिखाई देती है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में रिकॉर्ड से ज्यादा दबाव और परिस्थितियां अहम भूमिका निभाती हैं।
पाकिस्तान ने भी कई बार भारत को चौंकाया है
हालांकि मौजूदा समय में भारतीय टीम को ज्यादा मजबूत माना जा रहा है, लेकिन पाकिस्तान की टीम अतीत में भारत को कड़ी चुनौती देती रही है। वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें छह बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने चार और पाकिस्तान ने दो मुकाबले जीते हैं। ओवरऑल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की बात करें तो दोनों देशों के बीच अब तक 13 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत को 10 और पाकिस्तान को तीन जीत मिली हैं। ऐसे में इतिहास बताता है कि पाकिस्तान को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
भारत में कब और कहां देखें लाइव मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। क्रिकेट प्रशंसक इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी। भारत-पाकिस्तान की पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद की जा रही है।