#मनोरंजन

‘धुरंधर’ के बाद OTT पर छाएंगे सनी देओल-अक्षय खन्ना, जानिए कब रिलीज होगी कोर्टरूम थ्रिलर ‘इक्का’

‘बॉर्डर’ के बाद एक बार फिर सनी देओल और अक्षय खन्ना की लोकप्रिय जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। दोनों स्टार्स जल्द ही कोर्टरूम थ्रिलर फिल्म ‘इक्का’ में साथ नजर आएंगे। यह फिल्म सनी देओल का OTT डेब्यू भी साबित होगी और 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी।

कई साल बाद फिर साथ दिखेगी सनी-अक्षय की जोड़ी

सनी देओल और अक्षय खन्ना ने 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ काम कर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब करीब तीन दशक बाद दोनों कलाकार ‘इक्का’ के जरिए एक बार फिर स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि दोनों सितारों की जोड़ी लंबे समय बाद वापसी कर रही है। कोर्टरूम ड्रामा और थ्रिलर के मिश्रण वाली यह फिल्म दर्शकों को एक अलग अनुभव देने का दावा करती है।

नैतिक संघर्ष और रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी

‘इक्का’ एक हाई-वोल्टेज लीगल ड्रामा है, जिसमें सनी देओल एक चर्चित वकील की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी तब नया मोड़ लेती है जब उनके अतीत से जुड़ा एक शख्स, जिसका किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं, अचानक उनकी जिंदगी में लौटता है। इसके बाद वकील को ऐसा मामला लड़ना पड़ता है, जो उसके सिद्धांतों, भावनाओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों की कठिन परीक्षा लेता है। फिल्म में कई भावनात्मक और रोमांचक मोड़ देखने को मिलेंगे।

10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीम

निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की है। ‘इक्का’ 10 जुलाई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में तिलोत्तमा शोम एक मजबूत पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि दीया मिर्जा परिवार को संभालने वाली एक संवेदनशील पत्नी और मां की भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है, जबकि इसे एल्केमी फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।

OTT पर सनी देओल की नई पारी की शुरुआत

‘इक्का’ के साथ सनी देओल पहली बार किसी OTT प्रोजेक्ट में नजर आएंगे। बड़े पर्दे पर अपनी दमदार छवि बनाने के बाद अब वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि कोर्टरूम ड्रामा में उनका यह नया अवतार भी दर्शकों को काफी पसंद आएगा।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *