STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकसोमवार, 2 नवंबर 2026LIVE TV

पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा का निधन, कठूमर में शोक की लहर

अलवर जिले के कठूमर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा का रविवार तड़के निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे और पिछले लगभग 20 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज एसएमएस अस्पताल जयपुर में जारी था, जहां उन्होंने सुबह करीब 3 बजे अंतिम सांस ली।

बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अस्थमा जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया था, लेकिन चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

नवंबर 1953 में जन्मे बैरवा खेड़ली क्षेत्र में निवास करते थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने चार बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 1980 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पहली जीत दर्ज की, 1985 में कांग्रेस से चुनाव जीता, 2008 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचे और 2018 में फिर कांग्रेस से निर्वाचित हुए।

क्षेत्र में उन्हें एक जमीनी और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में पहचान मिली। उनके कार्यकाल में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर कई कार्य किए गए, जिनका लाभ स्थानीय लोगों को आज भी मिल रहा है।

उनके निधन की सूचना मिलते ही कठूमर, खेड़ली और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आमजन उनके निवास पर पहुंच रहे हैं। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा जाएगा, जिसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

बैरवा के निधन को क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।